नगर पंचायत बना, पर शौचालय अब भी सपना
सोनवर्षा नगर पंचायत का गठन हुए पांच वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन बाजार क्षेत्र में अब तक सार्वजनिक शौचालय नहीं बन सका है। इससे महिलाओं और बुजुर्गों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन को जल्द शौचालय बनाने की आवश्यकता है ताकि बाजार की स्वच्छता और व्यवस्था बनी रहे।

सोनवर्षा राज, संवाद सूत्र।नगर पंचायत का गठन हुए पांच वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक बाजार क्षेत्र में एक भी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे बाजार आने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र के आसपास के 19 पंचायतों से प्रतिदिन हजारों लोग घरेलू सामान की खरीदारी एवं अन्य कार्यों के लिए बाजार पहुंचते हैं। बावजूद इसके शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा नहीं रहने से लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोकलाज के कारण उन्हें घंटों तक असुविधा झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्र में विकास की उम्मीद जगी थी, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है। बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी करने पहुंचती हैं, फिर भी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।नगर पंचायत प्रशासन पर उठ रहे सवाल: स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि वर्ष 2021 में नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि बाजार में सड़क, सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं का विस्तार होगा, लेकिन पांच वर्षों बाद भी एक अदद सार्वजनिक शौचालय का निर्माण नहीं हो पाया है। इससे बाजार आने वाले लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह सुविधा न केवल आम लोगों की जरूरत है, बल्कि बाजार की स्वच्छता और व्यवस्था के लिए भी जरूरी है। इस संबंध में कार्यपालक अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


