
घर से कारतूस और कारबाइन मैगजीन बरामद
रविवार को पुलिस ने सुहथ गोरा वार्ड नंबर 15 में एक घर में छापेमारी की, जिसमें चार जीवित कारतूस और एक कारबाइन का खाली मैगजीन बरामद हुआ। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। मामले में और खुलासे की संभावना है।
सौरबाजार, संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के सुहथ गोरा वार्ड नंबर 15 में रविवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी कर चार जीवित कारतूस और कारबाइन का एक खाली मैगजीन बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सुहथ गोरा वार्ड संख्या 15 निवासी दीपक कुमार के घर से पुलिस ने तलाशी के दौरान एक बक्से में छिपाकर रखे गए 04 कारतूस और कारबाइन का खाली मैगजीन बरामद किया। हथियार संबंधी सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू की है।
आशंका जताई जा रही है कि यह सामान किसी अवैध गतिविधि से जुड़ा हो सकता है। थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई पूरी तरह सफल रही। उन्होंने कहा कि बरामद कारतूस और मैगजीन के स्रोत की जांच की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। बरामदगी के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नज़र बनाए हुए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




