जनसंवाद में एसपी ने सुनी लोगों की पीड़ा, होगा निदान
पस्तपार थाना परिसर में शनिवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगाने, बैंक सुरक्षा, और सूखा नशा की रोकथाम पर ध्यान देने के निर्देश दिए। नए थाना भवन का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

पतरघट, एक संवाददाता। पस्तपार थाना परिसर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक हिमांशु की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। जनसंवाद के दौरान उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं, जिस पर एसपी ने गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया। एसपी हिमांशु ने उपस्थित जनसमूह को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पस्तपार थाना सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित होने के कारण अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने थाना अध्यक्ष को निर्देश दिया कि पस्तपार बाजार के सभी चौक-चौराहों, मुख्य बाजारों और सीमावर्ती इलाकों में दुकानदारों व प्रतिष्ठान मालिकों को सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने में पुलिस को काफी सुविधा मिलती है। इसके साथ ही एसपी ने थानाध्यक्ष को सभी बैंक, सीएसपी केंद्रों और वित्तीय संस्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पतरघट थाना भवन लगभग पूर्ण हो चुका है और जल्द ही उसे नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं पस्तपार थाना के लिए नए भवन निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिसका शीघ्र शिलान्यास किया जाएगा। जनसंवाद के दौरान एसपी ने युवाओं में तेजी से बढ़ रहे सूखा नशा के चलन पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने थाना अध्यक्ष को निर्देश दिया कि सूखा नशा बेचने वालों और उनके संरक्षकों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




