ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार सहरसाकोसी का जलस्तर बढ़ने से पलायन शुरू

कोसी का जलस्तर बढ़ने से पलायन शुरू

पिछले छह दिनों से लगातार हो रही बारिश व नेपाल से कोसी नदी में पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने के कारण तटबंध के निचले इलाके में बसे लोग बाढ़ की चपेट में आने लगे हैं। वहीं नवहट्टा...

कोसी का जलस्तर बढ़ने से पलायन शुरू
हिन्दुस्तान टीम,सहरसाSat, 13 Jul 2019 12:51 AM
ऐप पर पढ़ें

पिछले छह दिनों से लगातार हो रही बारिश व नेपाल से कोसी नदी में पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने के कारण तटबंध के निचले इलाके में बसे लोग बाढ़ की चपेट में आने लगे हैं। वहीं नवहट्टा के केदली में कटाव के कारण लोग सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे हैं।

जिला प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद कोसी नदी व बाढ़ की चपेट में आए लोगों के लिए नाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। नवहट्टा के केदली व सलखुआ प्रखंड के तटबंध के भीतर बसे लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा ठोस इंतजाम नहीं किए जाने के कारण परेशानी बढ़ गई है। जबकि गुरुवार को भी डीएम शैलजा शर्मा ने सभी अधिकारियों को बाढ़ के मद्देनजर लोगों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।

नवहट्टा से ए.सं के अनुसार पूर्वी तटबंध के 78.30 किमी ई-2 स्पर के अप एवं डाउन में दबाव शुरू हो जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को 12 बजे दिन में बराज के डाउनस्ट्रीम में पानी का डिस्चार्ज 183545 क्यूसेक एवं अप बराह क्षेत्र में 157000 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया। दोनों जगह जलस्तर की प्रवृत्ति बढ़ने (राइजिंग) की प्रवृत्ति बताया गया। उर्दू मध्य विद्यालय परसबन्ना के पीछे बैकरोल मारते हुए नदी दबाव बना रही है।

पानी बढ़़ते सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे लोग: पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर कटाव के कहर का रफ्तार लगातार बढ़ता जा रहा है। जल स्तर बढ़ने के बाद नदी के बाहर फैले पानी ने उफान मारना शुरू कर दिया है, जिससे तटबंध के अंदर बसी बड़ी आबादी को परेशानी बढ़ती जा रही है। लगभग 10-12 घंटे के बाद इस क्षेत्र में पानी आने के बाद पूरे इलाके में बाढ़ जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया है।

सभी छोटी-छोटी नदियां पानी से भर आई है। आवागमन के लिए उपलब्ध सड़कें एवं पगडंडिया डूब गई है। लोगों के आवागमन के लिए अब नाव ही एकमात्र सहारा बच गया है। जो परिवार ऊंचे जगह पर घर बनाकर शरण लिए हुए हैं, सिर्फ उसका घर पानी में डूबने से बचा हुआ है।

कोसी में कटाव का कहर: केदली पंचायत में रोज लगभग दर्जन से अधिक परिवार कटाव का शिकार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत इन परिवारों को नाव परिचालन शुरू नहीं होने को लेकर हो रही है। आबादी निष्कासन एवं बाढ़ पीड़ित परिवारों को ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर आवश्यकतानुसार नाव परिचालन शुरू नहीं किए जाने से इन परिवारों में आक्रोश व्याप्त है। वार्ड नंबर-6 के लोग बाढ़ एवं कटाव के संकट के बादल से घिर गए हैं।

गुरुवार को सुरेश यादव, रघुवीर यादव, विनोद यादव, गुलचन यादव, फूलचंद यादव, सुशील यादव, कार यादव गौरी यादव, वैद्यनाथ मिस्त्री, भुवनेश्वर यादव सहित अन्य परिवार कटाव के शिकार होकर खुले आसमान के नीचे बारिश एवं धूप में रहने को विवश हैं। सीओ मो.अबू अफसर ने कहा कि अभी बाढ़ आई कहां है। वैसे 3 सरकारी नावें आवागमन के लिए चलाई जा रही है।

सलखुआ से सं.सू. के अनुसार अनुमंडल के सलखुआ प्रखंड के पूर्वी तटबंध के भीतर कोसी के जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन आई है। चिरैया से डेंगराही घाट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी बहने लगा है। जिस कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। पानी के बढ़ते दबाव के कारण लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि बारिश व नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण परेशानी और बढ़ेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें