बोले सहरसा : टूटी सड़कें और जलजमाव से कहरा के लोग परेशान
कहरा ब्लॉक के लोग जर्जर सड़क, जलजमाव, और खराब जलापूर्ति जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने इन समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है, लेकिन चुनावों के समय नेताओं द्वारा किए गए वादे अधूरे रह गए हैं। लोगों ने नगर निगम से जल निकासी, साफ पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग की है।

नगर निगम की सीमाओं से सटा होने के बावजूद कहरा ब्लॉक आज भी विकास की रोशनी से कोसों दूर है। यहां के लोग जर्जर सड़क, जलजमाव, बदहाल जलापूर्ति, लचर बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं के अभाव से मजबूर हैं। हालात इतने खराब हैं कि अब स्थानीय लोग अपनी समस्याओं को लेकर खुलकर आवाज उठाने लगे हैं। उनका कहना है कि वर्षों से मांग करने के बाद भी यहां जल निकासी के लिए नाला निर्माण तक नहीं कराया गया है, जिसके कारण बारिश हो या चापाकल का पानी सारा जल मोहल्लों और सड़कों पर जमा रहता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कहरा ब्लॉक के विकास की बातें सिर्फ कागजों में नजर आती हैं।
नगर परिषद और नगर निगम बने कई साल हो गए, लेकिन मूलभूत सुविधाएं आज भी आम लोगों की पहुंच से दूर हैं। हाल के दिनों में कुछ सड़कों का निर्माण जरूर हुआ है, पर नाले के अभाव में उन सड़कों पर भी घरों का पानी बहता रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क बनाने से पहले या साथ-साथ नाला निर्माण होना चाहिए था, ताकि जलजमाव से मुक्ति मिल सके, लेकिन प्रशासन इस महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज करता रहा। ग्रामीण बताते हैं कि नगर निगम क्षेत्र में रहते हुए भी यहां लोगों को साफ पानी उपलब्ध नहीं है। कहरा प्रखंड मुख्यालय के पास बने पानी प्लांट में महीनों से ताला लटका है। कई घरों में अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया है, और जहां कनेक्शन मिला भी है, वहां पानी आता ही नहीं। कभी-कभार यदि पानी की आपूर्ति होती है, तो वह लाल और गंदा निकलता है, जिसे पीना तो दूर, इस्तेमाल करना भी मुश्किल हैग्रामीणों ने इस लापरवाही के लिए संबंधित संवेदक और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोग बिजली की बदहाली से भी पीड़ित समस्याओं की लंबी सूची यहीं खत्म नहीं होती। कहरा के लोग बिजली की बदहाली से भी परेशान हैं। कई मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट लगी जरूर है, लेकिन महीनों से खराब होने के बावजूद उन्हें ठीक नहीं किया गया है। रात के अंधेरे में सड़क पर चलना खतरनाक हो जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन को लिखित और मौखिक शिकायत दी गई, पर सिर्फ आश्वासन मिला, काम कुछ नहीं हुआ। सार्वजनिक शौचालय का अभाव भी यहां बड़ी समस्या बन गया है। प्रखंड मुख्यालय होने के कारण प्रतिदिन कई पंचायतों से लोग यहां अपने काम से आते हैं। लेकिन सार्वजनिक शौचालय न होने के कारण उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त जमीन उपलब्ध होने के बावजूद शौचालय निर्माण को प्राथमिकता नहीं दी गई, जबकि यह क्षेत्र की सबसे जरूरी सार्वजनिक सुविधाओं में से एक है। लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से जल्द इसका समाधान करने की मांग की है।
चुनाव के बाद नेता लोग भूल जाते हैं
आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करके वोट तो ले लेते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उन वादों को भूल जाते हैं। नाला निर्माण, साफ पानी, सड़क मरम्मत, बिजली सुधार इन सभी मुद्दों पर सिर्फ मीठे शब्दों के सिवा लोगों को कुछ नहीं मिला। कहरा ब्लॉक के लोगों की एक ही मांग है हर गली-मोहल्ले में नाला निर्माण किया जाए और जहां भी नई सड़क बने, उसके साथ नाला बनना अनिवार्य किया जाए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विकास के नाम पर सिर्फ घोषणाए काफी नहीं, जमीनी काम आवश्यक है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि कहरा ब्लॉक में नाला निर्माण, जल निकासी, शुद्ध पेयजल, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट सुधार और सार्वजनिक शौचालय निर्माण जैसे मूलभूत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
हमारी भी सुनें
हम लोग नगर निगम के क्षेत्र में रहते हैं, लेकिन सुविधए आज भी गांव जैसी हैं। नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सीधे घरों में घुस जाता है।
- अंकित
पाइपलाइन तो लगा दिया गया, लेकिन पानी आता ही नहीं। कभी-कभार आता है तो इतना गंदा कि पीना तो दूर, बर्तन में भी नहीं भर सकते।
- अनुराग
पेयजल के बिना जिंदगी मुश्किल है। हैंडपंप खराब है और पाइपलाइन से पानी नहीं आता। दुकान से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं।
- माजिद
नाला नहीं होने से हर घर के सामने गंदा पानी जमा हो जाता है। इससे बीमारी फैलने का डर रहता है। छोटे बच्चे अक्सर बीमार पड़ते हैं।
- गुड्डू
स्ट्रीट लाइट लगी हुई है, लेकिन आधे लाइट महीनों से खराब हैं। रात में अंधेरा होने से सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग गिर चुके हैं।
- हरिओम
हर बार चुनाव के समय नेता वादा करते हैं कि नाला, पानी, सड़क सब बनाएंगे, लेकिन चुनाव के बाद कोई दिखाई ही नहीं देता।
- महिन्द्र
बिजली की स्थिति बहुत ज्यादा लचर है। हमेशा कट होती है वोल्टेज कम रहता है। ट्रांसफॉर्मर पर लोड बढ़ गया है लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
- राकेश
बच्चों के खेलने की कोई जगह नहीं, सड़कें टूटी हुई व चारों ओर गंदगी। विकास नाम की कोई चीज दिखाई नहीं देती। अधिकारी सिर्फ दौरा करके चले जाते हैं, काम कुछ नहीं होता।
- संजय
पेयजल की समस्या के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। साफ पानी के लिए हम रोज इंतजार करते हैं, पर पाइप से पानी नहीं आता। पानी प्लांट शुरू हो जाए तो लोगों को बड़ी राहत मिले।
- संजीव
नगर निगम का दायरा बढ़ा, लेकिन सुविधाए यहां तक नहीं पहुंची। न तो सफाई होती है और न ही कचरा उठाने की कोई व्यवस्था है। गंदगी से बदबू फैलती रहती है।
- संजय कुमार
बरसात होते ही सड़कें तालाब बन जाती हैं। बच्चों को स्कूल व बुजुर्गों को अस्पताल जाने में बहुत दिक्कत होती है। कभी-कभी तो घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
- रौशन
बोले जिम्मेदार
सभी समस्याओं पर नगर-निगम की नजर है। चुनाव के कारण कुछ परेशानी हुई है। जल्द ही कई विकासात्मक कार्य किए जाएंगे। लोगों को जल्द ही कई परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। हरेक वार्ड में समान रूप से सभी समस्याओं के निदान का प्रयास किया जा रहा है। सभी तक शुद्ध पानी अच्छी सड़क पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। -बैन प्रिया, महापौर
समस्या
1. नाला नहीं होने हे जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
2. बिजली की लचर व्यवस्था के कारण परेशानी होती है। कई जगहों पर बिजली के तार लटके रहते हैं।
3. चुनाव में नेताओं के मेनिफेस्टो में समस्याओं की सूची रहती है, बाद मे नजरअंदाज हो जाता है।
4. प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रतिदिन लोग आते-जाते हैं, लेकिन शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
सुझाव
1. वार्ड के सभी गली-मोहल्लों में नाला का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि जल निकासी हो।
2. हर गली-मोहल्ले में अच्छी सड़क का निर्माण होना चाहिए। सड़क के साथ नाला भी बनाया जाए।
3. जहां-जहां बिजली के तार लटके हुए हैं उन्हें ठीक किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे लोगों के जान को भी खतरा है।
4. मोहल्ले में जहां-जहां स्ट्रीट लाइट खराब हैं उन्हें ठीक किया जाना चाहिए, ताकि रात के समय लोगों को आने-जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
-प्रस्तुति: गुलशन कुमार

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




