मखाना खेती की नई पहल, किसान ने दिखाई राह

Apr 09, 2026 01:15 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहरसा
share

बनमा ईटहरी प्रखंड में पहली बार एक किसान ने मखाना की खेती शुरू की है। अशोक मुखिया ने बिना सरकारी सहायता के 8 बीघा जमीन पर मखाना की बुवाई की। उनकी यह पहल जलमग्न जमीन के उपयोग को प्रोत्साहित कर सकती है और अन्य किसानों को भी प्रेरित कर सकती है।

मखाना खेती की नई पहल, किसान ने दिखाई राह

सिमरी बख्तियारपुर, बिमलेश भारती। बनमा ईटहरी प्रखंड में पहली बार एक किसान द्वारा मखाना की खेती शुरू की गई है, जो क्षेत्र के किसानों के लिए नई दिशा और प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। अब तक इस इलाके के किसान पारंपरिक खेती पर ही निर्भर रहे हैं और जलमग्न जमीन को बेकार मानकर छोड़ देते थे, लेकिन इस पहल से अब उस जमीन का भी उपयोग संभव होता नजर आ रहा है। प्रखंड के सरबेला पंचायत अंतर्गत कुसमी गांव निवासी अशोक मुखिया ने इस नई खेती की शुरुआत की है। उन्होंने गांव में ही 8 बीघा जमीन लीज पर लेकर मखाना की खेती शुरू की।

जमीन को तैयार करने के लिए उन्होंने करीब दो से ढाई फीट गहरा गड्ढानुमा पोखर बनवाया और चारों ओर प्लास्टिक बिछाकर पानी को सुरक्षित रखा, ताकि पानी बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने जिले के बिजवार गांव से मखाना का बीज लाकर मार्च-अप्रैल माह में बुवाई की, जो इस फसल के लिए उपयुक्त समय माना जाता है। अशोक के अनुसार अगस्त माह तक मखाना तैयार हो जाएगा। सबसे खास बात यह है कि अशोक मुखिया ने यह पहल बिना किसी सरकारी प्रशिक्षण या आर्थिक सहायता के शुरू की है। उन्होंने बताया कि उन्हें यह जानकारी भी नहीं थी कि मखाना की खेती के लिए सरकारी प्रशिक्षण और सहायता उपलब्ध होती है। बावजूद इसके, उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए कर्ज लेकर इस नई खेती में कदम रखा।अशोक ने कहा कि अगर उन्हें भविष्य में विभागीय प्रशिक्षण और सहायता मिलती है, तो वे और बेहतर तरीके से खेती कर सकेंगे। फिलहाल वे अपने अनुभव और मेहनत के दम पर इस नई राह पर आगे बढ़ रहे हैं। इस पहल का सबसे बड़ा असर यह हो सकता है कि क्षेत्र के अन्य किसान भी प्रेरित होकर जलमग्न जमीन का उपयोग मखाना खेती में करने लगें। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र में खेती के नए विकल्प भी विकसित होंगे। अशोक मुखिया की यह कोशिश यह साबित करती है कि यदि हौसला और मेहनत हो, तो सीमित संसाधनों में भी नई संभावनाएं तलाश की जा सकती हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।