नौ साल से अधूरी सड़क, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
करीब नौ साल बीत जाने के बाद भी बहोरवा स्कूल के पास रोड संख्या-17 से बेलडाबर गांव तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।

महिषी, एक संवाददाता। करीब नौ वर्ष बीत जाने के बावजूद बहोरवा स्कूल के निकट रोड संख्या-17 से बेलडाबर गांव तक बनने वाली सड़क आज तक पूरी नहीं हो सकी है। सड़क निर्माण अधूरा रहने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बहोरवा स्कूल के पास रोड संख्या-17 से लक्षमिनिया, झाड़ा होते हुए बेलडाबर तक करीब 11 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत 15 मई 2015 को कराई गई थी।
लगभग 970.26 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना की जिम्मेदारी ग्रामीण कार्य विभाग को दी गई थी, जबकि निर्माण कार्य मुजफ्फरपुर के संवेदक प्रेमरंजन को सौंपा गया था। निर्धारित समय के अनुसार यह सड़क वर्ष 2016 तक बन जानी थी, लेकिन आज तक निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। यह सड़क तेलवा पूर्वी, आरापट्टी, ऐना, झाड़ा और घोंघेपुर पंचायत के कई गांवों को जोड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर कुछ दूरी तक केवल बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जबकि कई हिस्सों में मिट्टी भराई का काम भी पूरा नहीं हुआ है। अधूरी सड़क के कारण लोगों को पैदल, बाइक और अन्य वाहनों से आने-जाने में काफी कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


