Hindi NewsBihar NewsSaharsa NewsFurious Villagers Protest Against Electric Substation in Mangwar 25 Named in FIR
विद्युत सब स्टेशन भूमि खाली कराने पर बवाल, 25 नामजद व 150 अज्ञात पर प्राथमिकी

विद्युत सब स्टेशन भूमि खाली कराने पर बवाल, 25 नामजद व 150 अज्ञात पर प्राथमिकी

संक्षेप:

मंगवार गांव में विद्युत सब स्टेशन के लिए अतिक्रमित भूमि को खाली कराने के दौरान हंगामा हुआ। बसनही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 25 लोगों को नामजद किया गया है और 150 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। ग्रामीणों ने अधिकारियों के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और सब स्टेशन का निर्माण न होने देने की चेतावनी दी।

Jan 10, 2026 12:41 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहरसा
share Share
Follow Us on

सोनवर्षा राज, एक संवाददाता। मंगवार गांव में प्रस्तावित विद्युत सब स्टेशन के लिए चयनित अतिक्रमित भूमि को खाली कराने के दौरान उत्पन्न हुए हंगामे के मामले में बसनही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विद्युत विभाग के एसडीओ रवि कुमार पासवान के आवेदन पर दर्ज इस मामले में 25 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 150 अज्ञात महिला-पुरुषों को आरोपी बनाया गया है। इस घटना में दंडाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, बसनही थाना पुलिस तथा एक निजी वाहन को क्षतिग्रस्त करने का आरोप है। इस संबंध में बसनही थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि बिजली विभाग के एसडीओ के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जानकारी के अनुसार मंगवार गांव में विद्युत सब स्टेशन निर्माण हेतु चयनित अतिक्रमित भूमि को खाली कराने के लिए दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी आशीष कुमार, बीडीओ सोनवर्षा राज अमित आनंद, आरओ सैयद बादशाह तथा बसनही थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। जैसे ही जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे लाठी-डंडे और पत्थर लेकर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम को खदेड़ते हुए अधिकारियों के वाहनों के शीशे तोड़ दिए और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही जेसीबी मशीन को भी वहां से हटा लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि पर विद्युत सब स्टेशन के बजाय पंचायत भवन या विवाह भवन का निर्माण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि गांव में पावर सब स्टेशन का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।