
दो माह से जलमग्न खेत, मोबारकपुर के किसानों का फूटा आक्रोश
मोबारकपुर पंचायत के भोजहा बहियार में पिछले दो महीनों से बाढ़ का पानी जमा है, जिससे किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। जलजमाव के कारण फसल की बुआई नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ रही है। किसानों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।
सलखुआ, एक संवाददाता। प्रखंड के मोबारकपुर पंचायत स्थित भोजहा बहियार में बीते दो माह से बाढ़ का पानी जमा रहने के कारण किसानों की खेती बुरी तरह प्रभावित हो रही है। खेतों में लगातार जलजमाव बने रहने से फसल की बुआई संभव नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। खेती ठप होने से आजीविका पर संकट गहराने लगा है। समस्या से त्रस्त किसानों ने शुक्रवार को आक्रोश प्रदर्शन किया और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पहल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के पानी से खेतों में जलजमाव हो जाता है, जिससे फसल नष्ट हो जाती है और खेती बाधित रहती है। किसान सुरेंद्र यादव, दिनेश यादव, उमेश, मुकेश, रमेश ठुकेदार, तुलाकृष्णा, रामदेव यादव, राजेंद्र यादव, प्रमोद यादव, दीपक कुमार, पप्पू यादव, ब्रजेश यादव और राजेश यादव ने बताया कि कई बार बैठकों में अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासन के सिवा कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इस संबंध में अंचल अधिकारी पुष्पांजलि कुमारी ने बताया कि यह समस्या कोसी बांध विभाग से जुड़ी हुई है, इसलिए उनके स्तर से अधिक कार्रवाई संभव नहीं है। किसानों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




