ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार सहरसाडॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं

डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं

दंत चिकित्सक हत्याकांड मामले में हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं होने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन हड़ताल का व्यापक असर देखने को...

डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं
हिन्दुस्तान टीम,सहरसाSat, 23 Mar 2019 11:51 PM
ऐप पर पढ़ें

दंत चिकित्सक हत्याकांड मामले में हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं होने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला।

निजी क्लीनिकों में जहां ओपीडी व इमरजेंसी सेवा पूरी तरह बाधित रहने से स्वास्थ्य सेवाओं पर काफी असर पड़ा। वहीं सदर अस्पताल में इमरजेंसी सेवा चालू थी लेकिन ओपीडी सेवा पूरी तरह बंद रही। इस कारण दूर दराज से आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ओपीडी में केवल टीकाकरण केंद्र खुला था। जहां बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा था। ओपीडी में सुबह नौ बजे से मरीज पुर्जा कटा कर डॉक्टरों का घंटों इंतजार करते रहे। बाद में धीरे-धीरे हड़ताल की जानकारी मिलते ही मरीज व उसके परिजन मायूस होकर वापस जाने लगे।

आईएमए के आह्वान पर दंत चिकित्सक की हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग पर शुक्रवार से शुरू हड़ताल के दूसरे दिन ओपीडी का पुरुष, शल्य, महिला, अस्थि, आंख, नाक, कान, दंत, चर्म रोग व बच्चा वार्ड में सेवा बाधित रही। सदर अस्पताल के ओपीडी में हालांकि इमरजेंसी सेवा जारी रहने के कारण लोगों को काफी राहत मिली। सदर अस्पताल में प्रतिदिन करीब चार सौ से पांच सौ मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण व दूर-दराज के इलाकों से आने वाले मरीजों की होती है। हड़ताल की वजह से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और बिना इलाज कराये लौटना पड़ा।

महिषी में भी हड़ताल का असर:डाक्टरों की हड़ताल का असर महिषी पीएचसी में भी दिखने लगा है। शनिवार को ओपीडी कार्य पूर्णत: बन्द रहा। दूर दराज से आनेवाले मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें