
उद्योगों की रफ्तार बढ़ाने को प्रशासन सक्रिय, डीएम ने सुनी उद्यमियों की पीड़ा
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बैजनाथपुर में उद्यमियों के साथ संवाद किया। उन्होंने उद्योग संचालन में आ रही बिजली, पानी, और ऋण की समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। 60 उद्यमियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है, जिनमें से लगभग एक दर्जन उद्योग कार्यरत हैं।
सौरबाजार, संवाद सूत्र। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने शुक्रवार को नगर निगम औद्योगिक क्षेत्र बैजनाथपुर का दौरा कर उद्यमियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उद्योग संचालन में आ रही समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। संवाद के क्रम में उद्यमियों ने बताया कि बिजली की समस्या सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है, जिसके अभाव में किसी भी उद्योग का संचालन संभव नहीं हो पाता। इसके साथ ही पानी की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था तथा बैंकों से ऋण प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों की भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की समस्या का अविलंब समाधान करने का निर्देश दिया।
वहीं पानी और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वियाडा के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। बैंकों से ऋण स्वीकृति में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए बैंक अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया, ताकि उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में किसी प्रकार की बाधा न हो। जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 60 उद्यमियों को उद्योग स्थापना हेतु भूमि आवंटित की जा चुकी है, जिनमें से करीब एक दर्जन उद्योग वर्तमान में संचालित हैं। जिलाधिकारी ने परिसर में चल रहे उद्योगों का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा भी लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




