Saharsa News: प्रतिनियुक्ति: सदर अस्पताल में महिला चिकित्सकों का संकट
Saharsa News: सहरसा के मॉडल सदर अस्पताल में महिला चिकित्सकों की कमी का मामला सामने आया है। चार डॉक्टरों में से एक ने त्यागपत्र दिया, जबकि दो अवकाश पर हैं। एकमात्र डॉ. पल्लवी पर ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं का दवाब है। स्वास्थ्य विभाग ने अन्य चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की है ताकि सेवाएं सुचारु रूप से चल सकें।

Saharsa News: सहरसा, हमारे प्रतिनिधि। जिले के मॉडल सदर अस्पताल में महिला चिकित्सकों की कमी एक बार फिर सामने आ गई है। अस्पताल में तैनात चार महिला चिकित्सकों में से एक डॉ. नेहा सिंह के त्यागपत्र देने तथा दो अन्य चिकित्सकों के अवकाश पर चले जाने के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया। स्थिति ऐसी हो गई कि ओपीडी और इमरजेंसी जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं का संचालन केवल एक महिला चिकित्सक के भरोसे करना पड़ रहा था।
महिला चिकित्सकों की कमी
लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या और चिकित्सकीय दबाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल व्यवस्था करते हुए जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) से तीन महिला एमबीबीएस चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सदर अस्पताल में की है। जानकारी के अनुसार मॉडल सदर अस्पताल में महिला मरीजों की संख्या प्रतिदिन काफी अधिक रहती है। प्रसूति, स्त्री एवं सामान्य रोगों से संबंधित मरीजों के अलावा इमरजेंसी में भी महिला चिकित्सकों की जरूरत लगातार बनी रहती है। ऐसे में डॉ. नेहा सिंह के इस्तीफे और डॉ. विभा तथा डॉ. भारती के अवकाश पर चले जाने के बाद केवल डॉ. पल्लवी ही सेवा दे रही थीं। एक ही चिकित्सक पर ओपीडी और इमरजेंसी दोनों की जिम्मेदारी होने से कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी।
स्वास्थ्य विभाग की प्रतिक्रियाएं
अस्पताल प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त चिकित्सकों की मांग की। इसके बाद जिले के अलग-अलग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत तीन महिला एमबीबीएस डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति सदर अस्पताल में की गई, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और सेवाएं सुचारु रूप से जारी रह सकें।
अस्थायी व्यवस्था
प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक सह अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी ने बताया कि महिला चिकित्सकों की संख्या अचानक कम होने से अस्पताल संचालन में कठिनाई उत्पन्न हो गई थी। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के इस्तीफा देने और दो चिकित्सकों के अवकाश पर रहने के कारण मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तीन महिला चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इससे ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं का संचालन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी रूप से की गई है। नियमित पदस्थापन होने तक प्रतिनियुक्त चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगी, ताकि महिला मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सके और मॉडल सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित होती रहें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


