एनपीएस की समस्या गूंजी विस में
सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के विधायक संजय कुमार सिंह ने विधानसभा में नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि चारदिवारी, पेयजल व्यवस्था और अतिरिक्त कक्ष के अभाव से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षा मंत्री ने इन समस्याओं का समाधान आठ महीनों में करने का आश्वासन दिया।

सिमरी बख्तियारपुर, निज संवाददाता। बिहार विधानसभा के सत्र के द्वितीय दिन सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र की जमीनी समस्याएं सदन में प्रमुखता से उठीं। क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह ने मोहम्मदपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा पूरी मजबूती के साथ सदन के समक्ष रखा। विधायक ने सदन को अवगत कराया कि संबंधित नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों में चारदिवारी का निर्माण नहीं होने, पेयजल की समुचित व्यवस्था के अभाव तथा विद्यालय भवन में अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई-लिखाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। सीमित संसाधनों और असुविधाजनक वातावरण में पठन-पाठन कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस गंभीर विषय पर शिक्षा विभाग के मंत्री सुनील कुमार ने सदन में विधायक के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि संबंधित विद्यालयों में चारदिवारी निर्माण, पेयजल व्यवस्था एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य लगभग आठ महीनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। मंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्र के अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों में उम्मीद जगी है। विधायक ने सदन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसेवा के प्रति समर्पित रहना उनकी पहली प्राथमिकता है और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनका सतत प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना उनका दायित्व है,।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




