जिले में औद्योगिक क्षेत्र विकास का मार्ग प्रशस्त
सहरसा में औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बिहार सरकार ने 420.625 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। इससे कोसी क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। यह निर्णय जिले को औद्योगिक मानचित्र पर पहचान दिलाने में मदद करेगा।

सहरसा, नगर संवाददाता। सहरसा में औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बिहार सरकार द्वारा सहरसा जिले के सर्वांगीण विकास औरऔद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी महत्व का निर्णय लिया गया है। बिहार मंत्रिमंडल द्वारा उद्योग विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए सहरसा जिला अंतर्गत कहरा अंचल के बनगांव एवं देवनागोपाल मौजा में कुल 420.625 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा और इसके लिए 88 करोड़ 1 लाख 13 हजार 847 रूपये की राशि के व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह भूमि अधिग्रहण बिहार आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण बियाडा के माध्यम से किया जाएगा। जिससे सहरसा जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस निर्णय से कोसी क्षेत्र में निवेश, रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। जिला पदाधिकारी द्वारा राज्य सरकार के समक्ष सहरसा में औद्योगिक निवेश की आवश्यकता, उपलब्ध भूमि संसाधनों तथा रोजगार की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया था। जिसके कारण किए यह महत्वपूर्ण निर्णय संभव हो सका है। बिहार सरकार द्वारा स्वीकृत यह औद्योगिक परियोजना न केवल सहरसा बल्कि सम्पूर्ण कोसी क्षेत्र के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित होंगे । क्षेत्र में व्यापार, परिवहन, सेवा क्षेत्र एवं सहायक उद्योगों को भी नई ऊर्जा मिलेगी। सहरसा जिला प्रशासन ने कहा है कि यह निर्णय जिले को औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा.
जिलाधिकारी थे प्रयासरत
जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं औद्योगिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। डीएम के नेतृत्व में प्रत्येक शनिवार विद्यालयों मे सप्ताहिक जांच परीक्षा एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा, स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग किया जाता है ।जिला अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। रेलवे ओवरब्रिज, पूरब बाजार ढाला पर यातायात सुधार, राष्ट्रीय राजमार्ग 327 ई एवं एनएच -107 से संबंधित विकास कार्यों की सतत निगरानी तथा प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से जिले में कार्य भी तेजी से आगे बढ़ा है।


