9 माह से लापता शिक्षक, पढ़ाई पर पड़ा असर
सिमरी बख्तियारपुर के एक विद्यालय में सहायक शिक्षक दुर्बल राम पिछले 9 महीनों से लापता हैं। उनकी अनुपस्थिति से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रधान शिक्षक ने विभाग को सूचित किया है और शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

विभाग ने शुरू की कार्रवाई सिमरी बख्तियारपुर, निज संवाददाता। नगर परिषद क्षेत्र स्थित एक विद्यालय से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सहायक शिक्षक पिछले करीब 9 महीनों से लापता हैं। इस लंबे समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और छात्रों की पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक मकतब अशरफ चक में कार्यरत सहायक शिक्षक दुर्बल राम 10 जुलाई 2025 से ही बिना किसी सूचना के अनुपस्थित हैं। विद्यालय के प्रधान शिक्षक रायबहादुर सिंह ने इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है।
उन्होंने बताया कि उनके योगदान से पहले से ही संबंधित शिक्षक अनुपस्थित थे और अब तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।प्रधान शिक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षक की अनुपस्थिति की सूचना विभाग को नियमित रूप से दी जाती रही है। प्रत्येक माह की अनुपस्थिति विवरणी विभाग को भेजी गई है और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर भी उनकी गैरहाजिरी दर्ज है। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस मामले का सबसे अधिक असर विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई बाधित हो रही है और निर्धारित पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। इससे बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। इधर शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण सहायक शिक्षक के वेतन पर रोक लगा दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयकिशन ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें है और विभागीय स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक की अनुपस्थिति लगातार दर्ज की जा रही है और आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार यदि जल्द ही शिक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होती है, तो उनके खिलाफ और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था जल्द से जल्द सामान्य हो सके और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


