Saharsa News: आवास योजना में गड़बड़ी पर सौ लाभुकों को नोटिश
Saharsa News: सिमरी बख्तियारपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नियमों की अनदेखी करने के आरोप में 100 लाभुकों को नोटिस जारी किया गया है। नगर परिषद ने दोहरी लाभ उठाने के मामले में जांच के आधार पर राशि वापस करने का निर्देश दिया है। लाभुकों को 15 दिनों में राशि जमा करने का समय दिया गया है।

Saharsa News: सिमरी बख्तियारपुर, निज संवाददाता। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नियमों की अनदेखी कर कथित रूप से दोहरा लाभ लेने के मामले में नगर परिषद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय जांच में सामने आए मामलों के आधार पर करीब 100 लाभुकों को नोटिस जारी कर योजना के तहत प्राप्त राशि वापस करने का निर्देश दिया गया है। जिसके कारण लाभुको में हड़कंप मचा हुआ है। नगर प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत भी राशि प्राप्त की। आवास योजना के नियमों के अनुसार एक ही लाभुक को पात्रता और निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही योजना का लाभ दिया जाना है।
विभागीय स्तर पर लाभुकों के रिकॉर्ड की जांच के दौरान कुछ ऐसे नाम सामने आए, जिनके संबंध में दोनों योजनाओं से राशि प्राप्त करने की बात सामने आई। इन मामलों को नियमों के विपरीत मानते हुए नगर परिषद ने संबंधित लाभुकों की सूची तैयार की और अब उन्हें औपचारिक नोटिस भेजकर अपना पक्ष स्पष्ट करने तथा प्राप्त राशि वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास की ओर से जारी नोटिस में संबंधित लाभुकों को 15 दिनों के भीतर योजना के तहत प्राप्त राशि नगर परिषद कार्यालय में वापस जमा कराने का निर्देश दिया गया है। राशि जमा करने के लिए डिमांड ड्राफ्ट चेक अथवा बैंक खाते के माध्यम से भुगतान का विकल्प दिया गया है। नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में राशि वापस नहीं करने वाले लाभुकों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


