मानव कल्याण के बिना समाज अधूरा

Mar 02, 2026 01:24 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहरसा
share

सिमरी बख्तियारपुर में रविवार को परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 138वां जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में भव्य शोभायात्रा, भजन-कीर्तन और प्रवचन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता ने मानव कल्याण और सत्य की महत्ता पर जोर दिया। आयोजन में दूर-दराज से श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या शामिल हुई।

मानव कल्याण के बिना समाज अधूरा

सिमरी बख्तियारपुर, निज संवाददाता। सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद मुख्य बाजार स्थित उच्च विद्यालय मैदान में रविवार को परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 138वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए सत्संगी श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही। जन्मोत्सव के अवसर पर अनुकूल चंद्र जी के शिष्यों द्वारा भव्य एवं आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। सुसज्जित रथ की झांकी नगर में चर्चा का विषय बनी रही।शोभायात्रा उच्च विद्यालय मैदान से प्रारंभ होकर नगर परिषद के मुख्य मार्गों का भ्रमण करती हुई पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाए हुए थे।

समारोह स्थल पर मंचीय कार्यक्रम के तहत भजन-कीर्तन, प्रार्थना सभा एवं प्रवचन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता सह प्रति ऋत्विक डॉ. प्रताप नारायण सिंह ने सत्संग को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन को सार्थक बनाकर मनुष्य में अमर चेतना जागृत करनी चाहिए, तभी मानव कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि मानव कल्याण के बिना समाज अधूरा है और सत्य व निष्ठा का मार्गदर्शन सत्संग से ही प्राप्त होता है। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी महाराज की वाणी किसी एक धर्म या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए है। ठाकुर जी का संदेश समग्र समाधान का मार्ग प्रशस्त करता है। जब तक संदेश का सही निराकरण नहीं होगा, तब तक लोगों में विश्वास नहीं जगेगा। विश्वास से ही ज्ञान की प्राप्ति होती है। उन्होंने ठाकुर जी को युग पुरुषोत्तम बताते हुए उनकी वाणी को अमृत समान बताया। इससे पूर्व प्रातःकाल उषा-कीर्तन, स्वस्तिक वाचन, प्रार्थना एवं धर्मग्रंथों के पाठ का आयोजन किया गया। समारोह में सहरसा, मधेपुरा, सुपौल एवं खगड़िया जिले से बड़ी संख्या में सत्संगीवृंद शामिल हुए। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में वाचक के रूप में डॉ. एन.पी. यादव, रघुनंदन मिश्र, बनारसी यादव, केदार दा, ब्रह्मदेव दा, राज किशोर दा, डॉ. भारत भूषण ने सहभागिता निभाई, जबकि गायक टोली में बद्री यादव, कांति यादव, अशोक ठाकुर सहित अन्य कलाकारों ने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। समारोह के सफल आयोजन में सत्संगी वृंद के अध्यक्ष अनिल कुमार, प्रेम कुमार भगत, राम अयोध्या प्रसाद, प्रो. श्रीकांत पोद्दार, शंकर भगत, राकेश दा, सुरेश दा, अशोक भगत, अनिल भगत, विजय यादव, पंकज भगत, शशि दा, अंकित राज सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। जन्मोत्सव समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।