पटना : ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर की पत्नी की घर में घुस कर हत्या, महिला शिक्षिका के गहने लेकर भी भागे बदमाश

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पटना में अपराधियों ने ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर की पत्नी की घर में घुस कर हत्या कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान महिला शिक्षिका को मौत के घाट उतारा गया है। 

Masaurhi Murder
मसौढ़ी में महिला शिक्षिका की हत्या कर दी गई है।

बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मसौढ़ी में ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता के घर में घुस लूटपाट के दौरान उनकी शिक्षिका पत्नी लक्ष्मी कुमारी की हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार रात मसौढ़ी के कैलूचक ले की है। शिक्षिका घर में अकेली थी। लक्ष्मी कुमारी के पति ज्ञानचंद चौधरी वर्तमान में गयाजी के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को परिजनों ने कई बार लक्ष्मी को फोन किया पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उनके पुत्र व मायका के लोग कैलूचक स्थित घर पहुंचे तो लक्ष्मी का शव बेड पर खून से लथपथ पड़ा था।

लक्ष्मी पुनपुन के शाहबाजपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनकी शादी पिपरा के भभौल निवासी ज्ञानचंद चौधरी संग हुई थी। पति, पुत्र और पुत्री बाहर में रहते हैं। वह मसौढ़ी के लखीबाग निवासी शंकर चौधरी की पुत्री थी। लक्ष्मी मसौढ़ी में तीन मंजिला मकान बना अकेली रहती थी। परिवार के अनुसार, लक्ष्मी के कान और अन्य पहने हुए जेवर नहीं है। आलमारी में रखे लाखों के जेवर भी गायब हैं। घटनास्थल पर सिर के बाल गिरे हैं।

जांच के लिए एसआईटी गठित

एसडीपीओ-1 राघव दयाल ने बताया कि मसौढ़ी थानाध्यक्ष नेतृत्व में हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। धारदार हथियार से महिला की हत्या की गई। महिला के दोनों कान के पास गहरे जख्म के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।

मनेर : संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत

इधर पटना से ही सटे मनेर थाना क्षेत्र के शांतिनगर में संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान शांतिनगर निवासी अनीश कुमार की पत्नी नंदनी देवी के रूप में हुई है। अनीश पत्नी का शव एक ऑटो में लादकर हल्दी छपरा श्मशान घाट की ओर ले जा रहा था, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।

मालसलामी के नया टोला शरीफागंज निवासी प्रमोद दास की पुत्री नंदनी की शादी तीन साल पूर्व अरुण राम के पुत्र अनीश कुमार से हुई थी। दोनों को दो साल की एक पुत्री भी है। नंदनी के चाचा सुजीत दास ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पति से पूछताछ की जा रही है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsपटना : ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर की पत्नी की हत्या,शिक्षिका को घर में मारा