बिहार के 74 लाख किसानों के खाते में आज आएंगे दो-दो हजार रुपये, पीएम जारी करेंगे किस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में 20वीं किस्त की राशि ट्रांसफर करेंगे। बिहार के लगभग 74 लाख किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये आएंगे।

बिहार के 74 लाख किसानों के बैंक खाते में शनिवार को दो-दो हजार रुपये की राशि आएगी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के खाते में राशि ट्रांसफर करेंगे। पीएम का कार्यक्रम सुबह 11 बजे बाद है। जैसे ही वे पीएम किसान सम्मान योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे, लाभार्थियों के खाते में पैसा आना शुरू हो जाएगा। बिहार की राजधानी पटना में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बापू सभागार में किसान उत्सव दिवस के रूप में किया गया है। इसमें 5000 किसान शामिल होंगे।
पटना में होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पशु और मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी तथा पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन शामिल होंगे। कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक, कृषि विभाग के अधिकारी और कृषक मित्र भाग लेंगे।
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि इस अवसर पर बिहार में प्रस्तावित मखाना बोर्ड का भी विशेष उल्लेख होगा। कृषि रोड मैप, फसल विविधीकरण, जल-जीवन-हरियाली, कृषि यांत्रीकरण, कृषि फीडर, और ग्रामीण पथों से जुड़े विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बिहार के किसानों को बड़ी राहत दी है। पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त जारी करने से पहले फार्मर रजिस्ट्री की शर्त को हटा दिया गया है। इससे राज्य में योजना के मौजूदा सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि जारी कर दी जाएगी। दरअसल, बिहार में अभी तक 4 लाख किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्री कराई है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग पीएम किसान सम्मान निधि की शनिवार को जारी होने वाली किस्त से वंचित हो जाते।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


