दरभंगा में ज्वेलरी शॉप से 2 करोड़ की लूट, बंदूक दिखा दिनदहाड़े कैश और जेवर ले गए बदमाश
दरभंगा शहर के कटकी बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार दोपहर को हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोल दिया। बंदूक दिखाकर लुटेरे दुकान से 20-25 लाख रुपये कैश और 2 करोड़ रुपये के सोना-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए।
Darbhanga News: बिहार के दरभंगा में शुक्रवार को एक ज्वेलरी शॉप पर बड़ी लूट हो गई। शहर के कटकी बाजार स्थित सोना-चांदी की दुकान प्रेम ज्वेलर्स से हथियारबंद बदमाशों ने 2 करोड़ रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई। पिस्तौल लेकर आए आधा दर्जन बदमाशों ने दुकान में धावा बोल दिया। फिर लगभग 20 से25 लाख रुपये कैश और करीब दो करोड़ रुपये के गोल्ड एवं सिल्वर के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
दरभंगा शहर के बहुत व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस पहुंची। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डीआईजी मनोज तिवारी, एसएसपी जगुना्र रेड्डी जलारेड्डी और सिटी एसपी अशोक कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बदमाशों की धर-पकड़ के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
भोजपुरी में बात कर रहे थे लुटेरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों की उम्र 25 से 30 साल के बीच की थी। वे आपस में भोजपुरी में बात कर रहे थे। कई बदमाश अपने चेहरे को नकाब से ढंके हुए थे। बताया जाता है कि ज्वेलरी की थोक दुकान में लूट के दौरान प्रोपराइटर के अलावा कई ग्राहक भी थे। अचानक दुकान में चार बदमाशों ने दाखिल होकर हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी।
इस दौरान दो बदमाश दुकान के बाहर खड़े होकर वहां नजर बनाए हुए थे। बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर जेवरातों से भरा लॉकर खुलवाया। करीब 10 मिनट के अंदर जेवरात एवं नगद लेकर फरार हो गए।
महिला ग्राहकों के गले से सोने की चेन भी उड़ा ले गए
बताया जाता है कि अपराधियों ने दुकान में मौजूद महिला ग्राहकों की चेन एवं अन्य गहने भी लूट लिए। फरार होने से पहले लुटेरों ने प्रोपराइटर और ग्राहकों को अंदर ही बंद कर दिया। तंग गली होने के बावजूद बाहर किसी को कानों-कान खबर नहीं लगी।
प्रेम ज्वेलर्स के संचालक मनोज कुमार साह ने बताया कि चार बदमाशों ने अचानक दुकान में धावा बोला। उन्होंने हथियार लहराते हुए दुकान में मौजूद लोगों को डराया-धमकाया और 20-25 लाख नगद के अलावा करीब दो करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि लूट गए जेवरात की कीमत का आकलन किया जा रहा है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(दरभंगा से नगर प्रतिनिधि की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


