मुंगेर में छुट्टी पर घर आने से पहले RPF जवान की बेरहमी से हत्या, पत्नी ने विभाग पर उठाए गंभीर सवाल
Bihar Crime News: मुंगेर के महमदा गांव में आरपीएफ जवान धर्मेंद्र कुमार का शव पहुंचने से कोहराम मच गया। पत्नी ने ऑन-ड्यूटी लापता होने पर विभाग की कार्यशैली और लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र के महमदा गांव में उस वक्त कोहराम और चीख-पुकार मच गई, जब अपराधियों द्वारा बेरहमी से मौत के घाट उतारे गए आरपीएफ जवान धर्मेंद्र कुमार का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा। जवान की मौत की खबर से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। बता दें कि आगामी 30 मई को धर्मेंद्र छुट्टी मंजूर होने के बाद अपने परिवार से मिलने घर आने वाले थे, लेकिन उनके आने से पहले ही उनका शव घर पहुंच गया, जिससे दो मासूम बच्चों (18 वर्षीय हर्ष और 12 वर्षीय राज) के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया छिन गया।
ऑन-ड्यूटी गायब हुए जवान की हत्या कर नदी किनारे फेंका शव
बता दें कि यह वारदात बीते 25 मई की रात की है। धर्मेंद्र कुमार रेलवे सुरक्षा बल में लैलख ममलखा आउटपोस्ट पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान ही अज्ञात अपराधियों ने घात लगाकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को नदी के किनारे फेंक दिया था। जब उनका शव बरामद हुआ, तो पुलिस महकमे सहित पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
रोती-बिलखती पत्नी ने आरपीएफ विभाग की कार्यशैली को घेरा
धर्मेंद्र के शव के घर पहुंचते ही उनकी पत्नी रानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरपीएफ विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सीधा आरोप लगाया है कि जब ऑन-ड्यूटी जवान अचानक लापता हो गया था, तो समय रहते विभाग और प्रशासन ने कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया? वहीं, मृतक जवान के करीबी दोस्त सुरेश कुमार ने भी इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन और विभाग पर भारी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
एसपी का 48 घंटे का अल्टीमेटम, जांच के लिए बनी विशेष टीम
इस हाई-प्रोफाइल मामले में बढ़ते जन आक्रोश को देखते हुए आरपीएफ जमालपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह ने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आरोपियों की तुरंत पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए स्थानीय पुलिस को 48 घंटे का कड़ा अल्टीमेटम दिया है। हत्यारों को दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


