पटना में रोजगार मेले का आगाज, पहले दिन कितने लोगों की लगी जॉब, 100 से अधिक कंपनियों में नौकरी का अवसर
पटना में चल रहे रोजगार मेले में युवाओं की भागीदारी नजर आ रही है। इस मेले में 100 से ज्यादा कंपनियां पहुंची हैं। करीब 20,000 लोगों के लिए नौकरी पाने का यह सुनहरा अवसर है।

बिहार की राजधानी पटना में रोजगार मेले का आगाज हो चुका है। पटना के ज्ञान भवन में बुधवार को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से पांच दिवसीय रोजगार मेले (मेगा जॉब फेयर) की शुरुआत हुई। विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इस मेले का उद्घाटन किया। विभागीय सचिव कौशल किशोर ने कहा कि साल में छह बार ऐसे मेले का आयोजन होगा। पहले दिन 4500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिसमें से 2972 का चयन हुआ। विभाग ने पांच दिनों में 20 हजार बेरोजगारों को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है।
100 से अधिक कंपनियां मेले में कर रही हैं शिरकत
उद्घाटन के मौके पर विभागीय मंत्री ने कहा कि 23 अगस्त तक चलने वाले मेले में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों की 100 से अधिक कंपनियां शामिल हो रही हैं, जो बिहार के युवाओं के लिए 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर लेकर आई है। यह रोजगार मेला विशेष रूप से रिटेल, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस सेक्टर पर केंद्रित है। मेगा जॉब कैंप में टाटा ट्रेंट, क्रोमा, वी-मार्ट, डी-मार्ट, सैमसंग, फ्लिपकार्ट, बिगकिट समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं।
बिहार के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं : मंत्री
मंत्री ने कहा कि बिहार का युवा प्रतिभाशाली और मेहनती है। उचित अवसर और सही दिशा मिलने पर वह देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार में शामिल होने और अपनी योग्यता का प्रदर्शन करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि सरकार कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने ‘दोगुना रोजगार, दोगुनी आय’ के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया।

