रोहिणी आचार्या मायका लौटीं, लालू खुद एयरपोर्ट से लेकर आए, 10 महीने बाद घर आई लाडली बेटी

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

रोहिणी आचार्या गुरुवार को लंबे समय बाद अपने मायके पहुंचीं। पिता लालू प्रसाद यादव खुद उन्हें पटना एयरपोर्ट लेने आए। बिहार चुनाव में आरजेडी की हार के बाद रोहिणी ने अपने भाई तेजस्वी और उनके करीबी पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए मायके वाला घर छोड़ दिया था और सिंगापुर चली गई थीं। 

Rohini Acharya reached patna lalu yadav recieves
पटना एयरपोर्ट पर बेटी रोहिणी आचार्या को रिसीव करने पहुंचे लालू यादव

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या अपने मायके लौट गई हैं। रोहिणी सिंगापुर से गुरुवार को पटना पहुंचीं। पिता लालू प्रसाद यादव खुद अपनी लाडली बेटी को रिसीव करने पटना एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान मां राबड़ी देवी और बड़ी बहन मीसा भारती भी मौजूद रहीं। रोहिणी 10 महीने से ज्यादा समय के बाद अपने मायके आई हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद वह मायके वाला घर छोड़कर पटना से सीधे सिंगापुर चली गई थीं। उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव और उनके सहयोगियों पर राबड़ी आवास में बदसलूकी का आरोप लगाया था।

एयरपोर्ट से निकलते ही रोहिणी आचार्या कार में बैठे अपने माता-पिता के पास पहुंचीं। उन्होंने अगली सीट पर बैठे पिता लालू यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनसे गले मिलीं। फिर पिछली सीट पर बैठकर अपनी मां राबड़ी देवी को गले लगा दिया। फिर सभी एक ही गाड़ी से घर की ओर रवाना हो गए।

पिता के बुलावे पर आई हूं- रोहिणी

रोहिणी आचार्या ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गुरुवार को कहा कि यह उनकी निजी यात्रा है। वह अपने पिता लालू यादव के बुलावे पर यहां आई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी इस यात्रा का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। रोहिणी ने कहा कि वह सिर्फ अपने मां-बाप से मिलने आई हैं। हालांकि, उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव से नाराजगी के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

पिता के आदेश से बढ़कर कुछ नहीं- रोहिणी आचार्या

रोहिणी आचार्या ने दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर पटना आने की जानकारी दे दी थी। मंगलवार को उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा था, "मेरे लिए मेरे पापा (लालू यादव), उनकी खुशी और उनके आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं है। उनके बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं है। इसलिए एक बेटी होने का फर्ज निभाने के लिए अपने पापा के पास जल्द ही आ रही हूं।"

मायके में हुई थी 'बदसलूकी'

नवंबर 2025 में जब बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे, तब उसमें आरजेडी को मिली करारी हार के बाद लालू परिवार में घमासान मच गया था। रोहिणी उस समय अचानक पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास से निकल एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। उन्होंने एयरपोर्ट पर रोते हुए कैमरे के सामने मायके में बदसलूकी की बात कही।

तेजस्वी और संजय-रमीज पर आरोप लगे

रोहिणी ने कहा था कि भाई तेजस्वी यादव, उनके सहयोगी संजय यादव एवं रमीज ने उनके साथ बदतमीजी की। उन्हें चप्पल से मारने की कोशिश भी की गई। उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का भी ऐलान किया था।

रोहिणी आचार्या उस समय सिंगापुर चली गई थीं। सिंगापुर से उन्होंने कई सोशल मीडिया पोस्ट में अपने साथ मायके में हुई कथित बदसलूकी के बारे में पोस्ट किए थे। जो राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा में रहे थे।

रक्षाबंधन पर भी मायके नहीं आईं रोहिणी

इस वाकये के बाद रोहिणी आचार्या ने मायके से दूरी बनाए रखी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बेटे इराज का दिल्ली के पास गाजियाबाद में पहला बर्थडे मई 2026 में मनाया गया था। उस समय पूरा लालू परिवार जुटा था, लेकिन रोहिणी नहीं आई थीं। इस साल रक्षाबंधन के मौके पर भी पूरा परिवार दिल्ली में जुटा। मगर रोहिणी अपने भाइयों को राखी बांधने नहीं आईं।

लालू गए थे सिंगापुर

हालांकि, इस बीच लालू प्रसाद यादव मई-जून महीने में रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर गए थे। इस दौरान कुछ दिन वह अपनी बेटी के यहां रुके थे। रोहिणी को लालू की सबसे लाडली बेटी माना जाता है।

पिता को किडनी दे चुकी हैं रोहिणी

साल 2022 में लालू यादव का सिंगापुर में ही किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। तब रोहिणी ने अपने पिता को किडनी दान की थी। उस समय देश भर में बेटी के इस त्याग को सराहा गया था। रोहिणी आचार्या के 10 महीने बाद मायके लौटने से कयास लगाए जा रहे है कि लालू परिवार में पिछले साल छिड़ा घमासान अब थमता नजर आ रहा है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsरोहिणी मायके लौटीं, लालू खुद एयरपोर्ट से लेकर आए, 10 महीने बाद घर आई लाडली बेटी