छपरा में सड़क पर दौड़ी मौत; ट्रक-पिकअप की टक्कर में 3 मरे, 9 जख्मी, 4 साल की बच्ची सुरक्षित
हादसा तब हुआ जब बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक और सामने से आ रही पिकअप वैन के बीच टक्कर हो गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Bihar Accident 3 Died: बिहार के छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर एनएच-531 स्थित बनवार फ्लाईओवर ब्रिज के समीप शुक्रवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक और सामने से आ रही पिकअप वैन के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी सड़क किनारे खाई में जा गिरी। सड़क पर चारों तरफ खून बिखर गया और शव काफी देर तक पड़े रहे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं जो आरकेस्ट्रा के कलाकार बताए जा रहे हैं। सभी लोग सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र के जिया म्यूजिक ग्रुप से जुड़े थे और सीवान जिले के चैनपुर से प्रोग्राम में भाग लेकर लौट रहे थे।
हादसे में पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में फंसे दो गंभीर रूप से घायल लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्राइंडर मशीन की मदद से वाहन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे के बीच एक चार साल की बच्ची सुरक्षित बच गई, जिसे मामूली चोटें आई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को सदर अस्पताल छपरा के लिए रेफर कर दिया गया।
घायलों में पिकी कुमारी और जया कुमारी सिलीगुड़ी की रहने वाली बताई जाती हैं जबकि साउंड ऑपरेटर रघु कुमार के साथ मनु राय और विक्की राय खैरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है। हादसे के बाद एनएच-531 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर बिखरे मलबे और खून के धब्बों को देखकर लोग सहम गए। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से कुछ ही देर में यातायात को सामान्य करा दिया गया।
इस मामले में दाउदपुर थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए। पुलिस ने बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है। सदर अस्पताल और एकमा सीएचसी में लोगों की भीड़ लगी रही।
(दाउदपुर से संजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट)
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

