
गरीबों को वोट मत डालने दो.., ललन सिंह के भाषण का वीडियो दिखा RJD ने घेरा
Lalan Singh Video: एक्स पर ललन सिंह क वीडियो शेयर करते हुए राजद ने लिखा, ‘केंद्रीय मंत्री ललन सिंह चुनाव आयोग की छाती पर बुलडोज़र चढ़ाते हुए कह रहे कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देना है! घर में बंद कर देना है।'
Lalan Singh Video: बिहार चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं। लगभग सभी राजनीतिक दलों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी कड़ी में अब राष्ट्रीय जनता दल ने केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के नेता ललन सिंह का एक वीडियो शेयर कर बड़ा दावा किया है। राजद ने दावा किया है कि ललन सिंह अपने एक संबोधन में गरीबों को वोट देने से रोकने की बात कर रहे हैं। राजद ने इसी के साथ चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो में ललन सिंह कथित तौर से कहते हैं कि एक-दो नेता है। तो चुनाव के दिन इनको घर से निकलने मत दो। इनको घर में ही बंद कर दीजिए। अगर वो बहुत हाथ-पैर जोड़ते हैं तो कहिए कि चलिए हमारे साथ अपना वोट दीजिए और घर आकर सोइए। एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए राजद ने लिखा, ‘केंद्रीय मंत्री ललन सिंह चुनाव आयोग की छाती पर बुलडोज़र चढ़ाते हुए कह रहे कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देना है! घर में बंद कर देना है, अगर ज्यादा हाथ पैर जोड़ेगा तो अपने साथ ले जा कर वोट गिराने देना है। कहाँ है मरा हुआ आयोग।’
मोकामा में जेडीयू के अंदर की राजनीति समझने वाले यह मान रहे हैं कि ललन सिंह का यह बयान असल में जेडीयू के ही प्रवक्ता नीरज कुमार के लिए था। नीरज कुमार मोकामा के रहने वाले हैं और 2015 में जेडीयू ने उन्हें लड़ाया था लेकिन उस चुनाव में निर्दलीय लड़े अनंत सिंह से हार गए थे। नीरज को जेडीयू के अंदर अनंत सिंह का विरोधी माना जाता है, जबकि ललन सिंह और अशोक चौधरी खुले तौर पर बाहुबली नेता के साथ हैं।





