आरजेडी विधायक शंकर यादव के ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या, घर के बाहर फेंकी लाश
मुजफ्फरपुर जिले के पारु से आरजेडी विधायक शंकर प्रसाद यादव के ड्राइवर सूरज की होली पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधी ने हत्या के बाद शव को उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए।

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक शंकर प्रसाद यादव के ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। होली के दिन हुई यह वारदात पारु के विशुनपुर गोपाल गांव की है। हत्या करने के बाद अज्ञात अपराधियों ने शव को मृतक के घर के बाहर ही फेंक दिया और फरार हो गए। मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। वह आरजेडी विधायक का निजी ड्राइवर था। बुधवार आधी रात करीब साढ़े 12 बजे परिजन ने उसे दरवाजे पर पड़ा देखा। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बहन रानी कुमारी ने बताया कि दोपहर में खस्सी का मीट लेकर सूरज ससुराल गया था। वहां से शाम में लौटा और गांव में जमकर होली खेली। रात में घर के लोगों को लगा कि वह गांव में ही कहीं पर होगा। बहन के अनुसार परिवार के सभी लोग बथान पर थे। आधी रात में जब वे घर पहुंचे तो सूरज को दरवाजे पर पड़ा हुआ देखा।
घर वालों ने उसे जगाया तो वह होश में नहीं था। आनन-फानन में उसे पारु पीएचसी ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सूरज के शरीर पर बेरहमी से पिटाई के निशान और जख्म हैं। चोट लगने वाली जगह से चमड़ी और मांस भी निकल गया। सूचना मिलने पर पारु थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजन के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। केस की जांच शुरू कर दी गई है। हत्या किसने और क्यों की, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। होली के मौके पर हुई इस वारदात से घर में कोहराम मच गया।
सूरज की मौत पर विधायक हुए भावुक
आरजेडी विधायक शंकर प्रसाद यादव ने अपने ड्राइवर सूरज कुमार की हत्या पर दुख जताया है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि सूरज बीते 8 सालों से हर सुख-दुख में उनके साथ साये की तरह चला। वह उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा था। वह सिर्फ उनका ड्राइवर ही नहीं बल्कि बॉडीगार्ड और साथी भी था।
विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रति उसका सम्मान और सक्रियता सबको हमेशा याद रहेगी। सूरज की हत्या जिस तरीके से की गई, वह कायराना है। उन्होंने चेतावनी दी कि हत्यारा चाहे पाताल में छुप जाए, उसे बाहर आना ही होगा। विधायक ने पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना बिहार में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। जब जनप्रतिनिधि के करीबी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा। उन्होंने दोषियों की तुरंत पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


