तेजस्वी जी, कार्यकर्ताओं से भी मिलिए; लालू के सामने राजद नेताओं ने बेटे को दी नसीहत; मिला जवाब

हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

राष्ट्रीय जनता दल के स्थापना दिवस पर पार्टी नेताओं ने तेजस्वी यादव को नसीहत दी है कि वो पार्टी कार्यकर्ताओं से मिला करें। पटना स्थित पार्टी दफ्तर में आयोजित समारोह में लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने को कहा है। 

RJD Foundation Day

राष्ट्रीय जनता दल के स्थापना दिवस पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया। पटना स्थित राजद के पार्टी कार्यालय में इस अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया था। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि हम लड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अनुशासन, संयम, परिश्रम और एकजुटता का पाठ पढ़ाया। पटना के वीरचंद पटेल स्थित पार्टी मुख्यालय में बुधवार को पार्टी का 30वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में यूं तो कई बातें हुईं लेकिन एक खास मौका तब आया जब राजद के बड़े नेताओं ने लालू प्रसाद यादव के सामने ही तेजस्वी यादव को नसीहत दी की वो पार्टी कार्यकर्ताओं से मिला करें।

दरअसल अपने संबोधन के दौरान उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि लोग कहते हैं कि आप कार्यकर्ताओं से नहीं मिलते हैं। जब तक कार्यकर्ताओं से नहीं मिलिएगा, तब तक पार्टी कैसे मजबूत होगी। कार्यकर्ता इंतजार करते रहते हैं, आपसे मिल नहीं पाते हैं। प्रदेश महासचिव अब्दुल बारी सिद्दिकी ने कहा कि लालूजी गरीब-गुरबों के बीच रहते थे। लोग उनसे आसानी से मिल लेते थे। बिहार के लोग आपको उन्हीं की तरह देखना चाहते हैं। इन नेताओं की नसीहत का जवाब तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे नेताओं को भी पसीना बहाना होगा।

इससे पहले स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी कार्यालय को भव्य तरीके से सजाया गया था। पांच जुलाई 1997 को पार्टी का गठन हुआ था। समारोह की शुरुआत लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने दीप जलाकर की। कर्पूरी सभागार में बने मंच से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता की अपील करते हुए विरोधियों को कड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों से आह्वान है कि एक होकर पार्टी को मजबूत करिए। गरीबों के हक में लड़िए। हम लड़े हैं और हम लड़ेंगे।

संगठन को और मजबूत करें : तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत की गारंटी भीड़ नहीं, बल्कि धरातल पर संगठन की मजबूती है। कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि संगठन में पद व चुनाव में टिकट या सीट को लेकर कोई विवाद बर्दाश्त नहीं होगा। सीट को लेकर झगड़ा या गुटबाजी होने पर कार्रवाई होगी। बड़ी भीड़ जुटाने मात्र से चुनाव नहीं जीते जाते। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। आश्वासन यह कि राजद की सरकार बनी तो सभी नेताओं-कार्यकताओं को उचित स्थान और सम्मान मिलेगा।

आरएसएस-भाजपा के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष

तेजस्वी ने कहा कि वे अंतिम सांस तक भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के विरुद्ध संघर्षरत रहेंगे। आज फैशन बन गया है कि जो लालू को गाली देगा, भाजपा उसे आगे बढ़ा देगी। वे लोग याद रखें कि लालू नेता मात्र नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। रिशुश्री प्रकरण में उन्होंने बड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाया। राज्य का खजाना खाली है। वेतन-पेंशन के लाले हैं। विधायक निधि का पैसा भी रोक दिया गया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।