𝟔𝟓 फीसदी आरक्षण के लिए संग्राम, सड़क पर तेजस्वी यादव का धरना; NDA सरकार पर लगाए इल्जाम

Mar 09, 2025 01:10 pm ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

  • नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में पटना जिला राजद की ओर से महागठबंधन सरकार के दौरान बढ़ाये गए 65 फीसदी आरक्षण को लागू किये जाने को लेकर एकदिवसीय धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नेताओं ने NDA सरकार पर इल्जाम लगाए।

𝟔𝟓 फीसदी आरक्षण के लिए संग्राम, सड़क पर तेजस्वी यादव का धरना; NDA सरकार पर लगाए इल्जाम

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आरक्षण के मुद्दे पर सड़क पर उतर गए हैं। दरअसल इस समय बिहार विधानसभा का सत्र चल रहा है और विधानसभा में भी आरक्षण की गूंज सुनाई दी थी। विपक्ष के नेताओं ने विधानसभा परिसर में आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। अब आरक्षण के लिए सड़क पर भी संग्राम नजर आ रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पटना में इस मुद्दे पर धरने पर बैठे। 

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में पटना जिला राजद की ओर से महागठबंधन सरकार के दौरान बढ़ाये गए 65 फीसदी आरक्षण को लागू किये जाने को लेकर एकदिवसीय धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय के समक्ष आयोजित इस धरना में पार्टी नेताओं ने राज्य और केन्द्र की एनडीए सरकार पर आरक्षण को नौवीं अनुसूची में शामिल नहीं करने, कोर्ट केस में फसाने का आरोप लगाया। इस मौके पर पार्टी के सभी प्रमुख नेता मौजूद थे।

इससे पहले तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा था, ‘हमारी सरकार द्वारा बिहार में बढ़ायी गई 𝟔𝟓% आरक्षण सीमा को रोक देने से अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा-अतिपिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 𝟏𝟔% आरक्षण का सीधा नुकसान हो रहा है जिससे इन वर्गों के 𝟓𝟎,𝟎𝟎𝟎 से अधिक युवाओं को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। 𝐓𝐑𝐄-𝟑 शिक्षक नियुक्ति के तीसरे चरण में भी आरक्षण लागू नहीं होने से इन वर्गों के हजारों अभ्यर्थियों को हजारो नौकरियों का नुकसान हुआ।’

राष्ट्रीय जनता दल ने भी तेजस्वी यादव के इस धरने को लेकर एक्स पर पोस्ट किया था। राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से एक्स पर लिखा गया, 'आरक्षण खोर, नौकरी चोर भाजपा नीतीश सरकार जवाब दो! दलित, पिछड़े, अति पिछड़े वर्गों की 50 हजार नौकरियां चुराने वाली सरकार जवाब दो! बहुजनों के लिए 65% आरक्षण में रोड़ा अटकाने वाली भाजपा नीतीश सरकार जवाब दो! हर दलित, पिछड़े, अति पिछड़े बेरोजगार युवा के साथ खड़ी है राष्ट्रीय जनता दल!'

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।