Hindi NewsBihar NewsRJD Congress shayari war erupts as Tejashwi returns without meeting Rahul Kharge over Bihar MGB seat sharing deal
सीट बंटेगी या टूटेगा महागठबंधन? राजद और कांग्रेस के बीच आधी रात शायरी की जंग

सीट बंटेगी या टूटेगा महागठबंधन? राजद और कांग्रेस के बीच आधी रात शायरी की जंग

संक्षेप: राहुल गांधी से मुलाकात के बिना तेजस्वी यादव के दिल्ली छोड़ते ही राजद और कांग्रेस के नेताओं के बीच शायरी की जंग छिड़ गई है। आधी रात तक दोनों एक-दूसरे को टूटे संबंध जुड़ने पर गांठ रहने, प्रेम के दरिया में डूबने जैसी बातें समझा रहे हैं।

Tue, 14 Oct 2025 09:00 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

बिहार के महागठबंधन में सीट बंटवारा को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस का मतभेद गंभीर हो गया है। राजद नेता तेजस्वी यादव सोमवार को पूरे दिन दिल्ली में रहे, लेकिन कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से ही मुलाकात हो पाई। बैठक में बिहार कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे। राहुल गांधी या मल्लिकार्जुन खरगे से तेजस्वी यादव की मुलाकात नहीं हुई और वो रात में पटना लौट आए। पटना पहुंचकर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि महागठबंधन एकजुट है और एक-दो दिन में सीट बंटवारा हो जाएगा। दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने भी इसी तरह की बात कही। मतलब, बात भले बन नहीं रही है, लेकिन टूटी भी नहीं है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

तेजस्वी यादव के दिल्ली छोड़ते ही राजद के सांसद मनोज झा ने संबंध झटके से नहीं तोड़ने और टूटे संबंध फिर जुड़ने पर भी गांठ रह जाने वाली शायरी एक्स पर पोस्ट कर दी। उसके ऊपर से यह भी लिख दिया कि ये हर अवसर के लिए प्रासंगिक है। इसके बाद तो आधी रात तक सोशल मीडिया पर कांग्रेस और राजद के नेता शायरी की जंग लड़ते रहे। कोई प्रेम का दरिया समझाने लगा तो कोई आंख का पानी खोजने लगा। कुछ समर्थक अहसान भी गिनाने लगे।

कांग्रेस-RJD के बीच कुछ टूट रहा है क्या? मनोज झा के ट्वीट से महागठबंधन पर अटकलों का सैलाब

शुरुआत राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने रहीम के एक दोहे से की और लिखा- “रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय; टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय। हर अवसर के लिए प्रासंगिक… जय हिन्द।” कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने मनोज झा को अब्बास ताबिश का शेर दे मारा और लिखा- “पानी आंख में भर कर लाया जा सकता है, अब भी जलता शहर बचाया जा सकता है।” इसके बाद तो मुशायरा शुरू हो गया।

Bihar Exit Polls, बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।

महागठबंधन में सीटें और एनडीए में कैंडिडेट की लिस्ट अटकी; दिल्ली से पटना तक बैठकों का दौर

युवा कांग्रेस के चर्चित अध्यक्ष रहे बीवी श्रीनिवास ने मनोज झा को लिखा- “शहर में आग है, मगर राख में अब भी रूह है; कुछ लोग हैं, जो मोहब्बत को ज़िंदा रखे हुए हैं।” कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक मनोज झा को खुसरो का दोहा सुनाने आईं और लिखा- “खुसरो दरिया प्रेम का, उल्टी बा की धार; जो उतरो सो डूब गया, जो डूब गया सो पार। ‘ठगबंधन’ को हराने के लिए प्रासंगिक। जय हिन्द।” रागिनी नायक को जवाब देने राजद के प्रवक्ता जयंत जिज्ञासु कूदे और कबीर का दोहा दे मारा और लिखा- “प्रेम न बारी उपजे, प्रेम न हाट बिकाय; राजा प्रजा जो ही रुचे, सिस दे ही ले जाय।” शेर और दोहे की लड़ाई जारी है।

राहुल-खरगे से मिले बिना पटना लौटे तेजस्वी; कहा- महागठबंधन में सीट बंटवारा 1-2 दिन में

वैसे, सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस या राजद की तरफ से अभी तक कोई नेगेटिव बयान तो नहीं आया है। लेकिन कांग्रेस नेता जिस तरह के शेर और दोहे से मनोज झा को जवाब दे रहे हैं, उससे ये संकेत स्पष्ट मिल रहा है कि सब ठीक नहीं है। गठबंधन कितना ठीक या कितना खराब है, यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि शायरी की जंग लड़ रहे ज्यादातर नेता संगठन का काम नहीं देखते हैं। सीट बंटवारे की बात करने वाले लोग इससे दूर हैं। चार दिन बाद पहले चरण का नामांकन खत्म हो जाएगा। बिना सीट बंटवारे के सिंबल बंटना शुरू हो चुका है। संगठन के लोग कई दिन से कह रहे हैं कि एक-दो दिन में हो जाएगा, लेकिन वो दूसरा दिन आ ही नहीं रहा है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा लगभग ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। बिहार में दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने के बाद दिल्ली-एनसीआर में विराट वैभव, दैनिक भास्कर, आज समाज, बीबीसी हिन्दी, स्टार न्यूज, सहारा समय और इंडिया न्यूज के लिए अलग-अलग भूमिका में काम कर चुके हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।