नबीनगर, अगिआंव और संदेश सीट पर जबरन हराया; खारिज वोट दिखाकर राजद का आरोप
लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी ने बिहार विधासनभा चुनाव 2025 में तीन सीटों पर महागठबंधन को जबरन हराने का आरोप लगाया है। राजद ने नबीनगर, अगिआंव और संदेश सीट पर हार-जीत का अंतर और पोस्टल बैलेट के खारिज वोट का आंकड़ा दिखाकर यह दावा किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार झेलने वाली लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने तीन सीटों पर महागठबंधन को जबरन हराने का आरोप लगाया है। राजद का कहना है कि औरंगाबाद जिले की नबीनगर और भोजपुर जिले की अगिआंव एवं संदेश सीट पर हार-जीत का अंतर खारिज किए गए पोस्टल बैलेट के वोट से कम है। पार्टी का आरोप है कि यहां पर जबरन बेईमानी करके महागठबंधन के प्रत्याशियों को हराया गया।

राजद ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट में यह दावा किया है। तेजस्वी की पार्टी ने कहा कि नबीनगर विधानसभा सीट पर आरजेडी के प्रत्याशी की 112 वोटों से हार हुई, जबकि यहां पर 132 पोस्टल वोट रिजेक्ट कर दिए गए थे।
अगिआंव सीट पर राजद की सहयोगी सीपीआई (माले) के प्रत्याशी को 95 मतों से हार झेलनी पड़ी, जबकि यहां 175 पोस्टल वोट खारिज किए गए। इसी तरह, संदेश विधानसभा सीट पर 360 पोस्टल वोट खारिज किए गए। यहां राजद के उम्मीदवार को महज 27 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।
बता दें कि बिहार चुनाव 2025 में राजद और महागठबंधन को एनडीए से करारी हार का सामना करना पड़ा। सत्ताधारी एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि विपक्षी दलों का महागठबंधन 35 सीटों पर सिमट कर रह गया। लालू-तेजस्वी की राजद को भी महज 25 सीटों पर ही जीत मिल पाई।
महागठबंधन का गढ़ माने जाने वाले मगध और शाहाबाद क्षेत्र में भी राजद, कांग्रेस एवं अन्य घटक दलों को इस चुनाव में हार मिली। इन क्षेत्रों में एनडीए ने अपना दबदबा कायम कर लिया और अधिकतर सीटों पर जीत दर्ज की।





