VIDEO: तेजस्वी यादव का अलग अंदाज, दिल्ली में ऑटोरिक्शा में सफर करते नजर आए लालू के लाल
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का नई दिल्ली में अलग अंदाज नजर आया है। तेजस्वी यादव ऑटो में सफर करते नजर आए हैं। ऑटो में सफर के दौरान पीछे से आवाज आने पर वो मुस्कुराते भी दिखे हैं। तेजस्वी यादव का यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का एक अलग अंदाज देश की राजधानी दिल्ली में नजर आया है। आम तौर पर अपने सुरक्षाकर्मियों और स्कॉट गाड़ियों के बीच घिरे रहने वाले तेजस्वी यादव नई दिल्ली में ऑटोरिक्शा में सफर करते नजर आए। ऑटो की पिछली सीट पर बैठ कर सफर कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव का वीडियो काफी वायरल हुआ है।
यह वीडियो रात के समय रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में ऑटो के अंदर राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ऑटो में बैठे हैं और दिल्ली की सड़क पर उनकी ऑटो फर्राटा भर रही है। तेजस्वी यादव के साथ ऑटो के अंदर उनके कुछ सुरक्षाकर्मी भी नजर आ रहे हैं। तेजस्वी यादव इस वीडियो में पीछे से आवाज आने पर मुस्कुराते हुए भी दिख रहे हैं। तेजस्वी यादव ने खुद इस वीडियो को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया है।
बता दें कि देश में एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगभग सभी विपक्षी दलों ने पिछले कुछ दिनों से आंदोलन छेड़ रखा है।विपक्ष के सांसदों और नेताओं ने, सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ, सोमवार को ''वोट चोरी'' के आरोप, और सीईसी के खिलाफ याचिका सौंपने के लिए शीर्ष अदालत तक ''लोकतंत्र के लिए मार्च'' किया था। मार्च का नेतृत्व करने वालों में राहुल गांधी, खरगे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा, भाकपा नेता डी. राजा, माकपा के एम. ए. बेबी, राजद के तेजस्वी यादव, राकांपा (शप) की सुप्रिया सुले, शिवसेना (उबाठा) के संजय राउत, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के दीपांकर भट्टाचार्य, और बशीर शामिल थे।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर सोमवार को शाम चार से छह बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। वे उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे, जिसमें ''वोट चोरी'' रोकने, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर को रोकने और मत पत्रों के जरिये चुनाव कराने की व्यवस्था की लौटने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने ''वोट चोरी'' के आरोपों पर राहुल गांधी से मिलने से इनकार करते हुए कहा था कि इस तरह के मामले उच्चतम न्यायालय में न्यायिक प्रक्रिया के तहत पहले से विचाराधीन हैं। अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने और विभिन्न गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सोमवार को उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर की है।

