MLC उपचुनाव के लिए आरजेडी कैंडिडेट का ऐलान, कौन हैं सोनू राय जिन पर लालू-तेजस्वी ने जताया भरोसा
बिहार एमएलसी उपचुनाव के लिए आरजेडी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। भोजपुर-बक्सर सीट से लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी ने सोनू राय को टिकट दिया है। इस सीट पर 12 मई को वोटिंग होगी और 14 मई को मतगणना के बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा।
Bihar MLC Elections: बिहार विधान परिषद की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। आरजेडी ने सोनू राय को टिकट दिया है। वह भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राथिकार क्षेत्र से एमएलसी का उपचुनाव लड़ेंगे। यहां से एमएलसी रहे जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। एक दिन पहले निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर चुनाव की घोषणा की थी। सोनू भोजपुर जिले में आरजेडी के सक्रिय नेता हैं। उनके पिता लालदास राय भी एमएलसी रह चुके हैं।
आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज एहमद ने शुक्रवार को उम्मीदवार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट से सोनू कुमार राय को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है।
कौन हैं सोनू राय
सोनू राय आरा के मीरगंज के रहने वाले हैं। उनके पिता लालदास राय आरजेडी से ही एमएलसी बने थे। पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भी उनके घनिष्ठ संबंध रहे। 2022 में उन्हें आरजेडी का उपाध्यक्ष बनाया गया था। अब लालदास के बेटे सोनू पार्टी में सक्रिय हैं।
बताया जा रहा है कि सोनू राय पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी आरजेडी के टिकट पर लड़ना चाह रहे थे। वह भोजपुर जिले की बड़हरा सीट से दावेदारों में उनका नाम चल रहा था। हालांकि, पार्टी ने उन्हें विधायकी का टिकट नहीं दिया था। अब उन्हें एमएलसी का टिकट मिल गया है।
राइस मिल का उद्घाटन करने पहुंचे थे लालू
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनू राय ने भोजपुर जिले के चरपोखरी प्रखंड स्थित सेमरांव गांव में राइस मिल खोली थी। एक साल पहले खुद लालू प्रसाद यादव इसका उद्घाटन करने वहां पहुंचे थे।
उपचुनाव का कार्यक्रम
भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना 16 अप्रैल को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 23 अप्रैल है। 24 को नामांकन की स्क्रूटनी और 27 अप्रैल तक नामांकन वापसी होगी। 12 मई को मतदान होगा और 14 मई को मतगणना की जाएगी।
त्रिकोणीय हो सकता है मुकाबला
इस सीट पर उपचुनाव का मुकाबला रोचक हो सकता है। एनडीए से अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। संभावना है कि जेडीयू से किसी नेता को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। विधायक राधाचरण साह के बेटे कन्हैया सेठ का नाम एनडीए से चर्चा में चल रहा है। दूसरी ओर, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


