
रितु जायसवाल की तेजस्वी को धमकी, पूर्वे की पतोहु का टिकट नहीं कटा तो परिहार से निर्दलीय लड़ेंगी
संक्षेप: Bihar Chunav: रितु जायसवाल ने कहा है कि वे परिहार छोड़कर नहीं जा सकतीं। राजद ने रामचंद्र पूर्वे की बहू का टिकट नहीं काटा तो निर्दलीय लड़ेंगी।
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर राजद में घमासान है। तेजस्वी यादव की फैन और पार्टी के लिए तन मन धन से काम करने वाली नेतृ रितु जायसवाल ने राजद के खिलाफ मौर्चा खोल दिया है। उन्होंने परिहार सीट से चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के लड़ने का ऐलान कर दिया जहां से आरजेडी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे की बहू को टिकट दिया है। जायसवाल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट कर अपने इरादे से लालू, तेजस्वी समेत सभी राजद नेताओं को अवगत करा दिया है।

परिहार की जनता के नाम संदेश में रितु जायसवाल ने लिखा है कि जैसे ही यह चर्चा फैली कि मुझे परिहार से टिकट न देकर बेलसंड से दिए जाने की संभावना है तो परिहार की जनता के लगातार फोन और फेसबुक-ट्विटर पर संदेश आने लगे। सबकी एक ही अपील है कि मैडम परिहार को मत छोड़िए।
पिछले पाँच वर्षों से परिहार की मिट्टी,यहाँ के लोगों के सुख-दुख,संघर्ष और उम्मीदों को बहुत करीब से महसूस किया है। आज परिहार की बदहाल स्थिति के लिए वर्तमान BJP विधायक गायत्री देवी ही नहीं, बल्कि पूर्व विधायक डॉ.रामचंद्र पूर्वे भी समान रूप से जिम्मेदार हैं। यह बात किसी से छिपी नहीं है कि डॉ.पूर्वे ने पिछले विधानसभा चुनाव में,राजद के एमएलसी रहते हुए,पार्टी से गद्दारी की थी। इसी कारण मुझे मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। आज जब पार्टी ने डॉ.पूर्वे जी की बहू को परिहार से टिकट दिया है तो यह उनकी गद्दारी का पुरस्कार जैसा प्रतीत होता है।
जायसवाल ने कहा है कि परिहार को छोड़कर किसी अन्य क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ना उनकी आत्मा को स्वीकार नहीं। इसलिए पार्टी नेतृत्व को साफ तौर पर अवगत करा दिया है कि यदि पार्टी अपना निर्णय नहीं बदलती है, तो परिहार से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगी। यह निर्णय आसान नहीं है पर मन की आवाज़ है और परिहार की जनता की भावनाओं का सम्मान।





