Ritu Jaiswal Join BJP: राजद से दूरी और अब बीजेपी की हो गईं रितु जायसवाल, संजय सरावगी ने दिलाई सदस्यता
Ritu Jaiswal Join BJP: पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में रितु जायसवाल ने निर्दलीय ही ताल ठोकी थी। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। रितु जायसवाल साल 2021 से 2023 तक राष्ट्रीय जनता दल की प्रवक्ता रही हैं। अब वो बीजेपी के साथ हैं।

Ritu Jaiswal Join BJP: मंगलवार को बिहार की राजनीति में बड़ी हलचल हुई है। राजद महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने राजद से दूरियां बढ़ाकर अब बीजेपी का दामन थाम लिया है। पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में रितु जायसवाल ने बीजेपी ज्वाइन किया। बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने रितु जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई है। रितु जायसवाल का बीजेपी में जाना बिहार की मुख्य विपक्षी पाार्टी राष्ट्रीय जनता दल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में परिहार से टिकट ना मिलने पर रितु जायसवाल ने बगावती तेवर अपना लिए थे। लेकिन तेज-तर्रार रितु जायसवाल तेजस्वी यादव की पसंद मानी जाती हैं। राजद में उन्हें प्रवक्ता भी बनाया गया था।
पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में रितु जायसवाल ने निर्दलीय ही ताल ठोकी थी। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। रितु जायसवाल साल 2021 से 2023 तक राष्ट्रीय जनता दल की प्रवक्ता रही हैं। 2020 में रितु ने राजद की टिकट पर परिहार विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी लेकिन उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। 2024 के लोकसभा चुनाव में रितु जायसवाल ने शिवहर सीट से भी ताल ठोकी थी हालांकि, यह चुनाव भी वो जदयू की लवली आनंद से हार गई थीं। 2025 में जब लालू यादव की पार्टी ने रितु जायसवाल को विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया तब वो निर्दलीय ही मैदान में उतर गई थीं। हालांकि, वो चुनाव तो नहीं जीत सकीं लेकिन परिहार सीट से राजद के प्रत्याशी की हार की वजह जरुर बनीं। इस चुनाव में रितु जायसवाल ने लगभग 64 हजार वोट काट लिए थे।
रितु जायसवाल ने बीजेपी में जाने की बताई थी बात
सीतामढ़ी जिले के सिंहवाहिनी पंचायत से राजनीति का सफर शुरू करने वाली ऋतु जायसवाल ने बहुत कम समय में राजनीति में अपनी अलग पहचान कायम की है। साल 2016 में ऋतु जायसवाल मुखिया भी चुनी गई थीं। ऋतु जायसवाल को 'आदर्श युवा सरपंच सम्मान' से भी नवाजा गया था। ऋतु जायसवाल की एक पहचान 'मुखिया दीदी' की भी रही है।
रितु जायसवाल ने 24 मई को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बीजेपी ज्वाइन करने की बात बताई थी। रितु जायसवाल ने उस वक्त लिखा था, ' प्रिय साथियों एवं शुभचिंतकों, आप सभी के स्नेह, आशीर्वाद एवं निरंतर समर्थन के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। मैं आप सभी को सूचित करना चाहती हूँ कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने हेतु मैं दिनांक 26 मई 2026 को दोपहर 12:19 बजे से 1:09 बजे तक पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित जॉइनिंग कार्यक्रम में सादगीपूर्ण एवं गरिमामय तरीके से सम्मिलित होऊँगी।
वर्तमान समय में देश अनेक चुनौतियों एवं संवेदनशील परिस्थितियों से गुजर रहा है। माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा भी ऊर्जा एवं ईंधन की बचत पर विशेष बल दिया गया है। ऐसे समय में मुझे लगता है कि अनावश्यक भीड़, लंबा काफिला एवं दिखावा उचित नहीं है। मेरे लिए राजनीति सेवा, जिम्मेदारी और विचार का माध्यम है प्रदर्शन का नहीं। सादगी, संवेदनशीलता और जनहित के भाव के साथ ही समाज एवं राष्ट्र की सेवा पूरी निष्ठा से की जा सकती है।
अतः आप सभी से मेरा विनम्र आग्रह है कि आप जहाँ कहीं भी हों, वहीं से अपना आशीर्वाद, शुभकामनाएँ एवं समर्थन प्रदान करें। यदि कार्यक्रम में आने क़ा मन बना ही लिया हों तो कृपया यथासंभव सार्वजनिक परिवहन अथवा शेयरिंग वाहन का प्रयोग करें, ताकि अनावश्यक ईंधन की बचत हो सके और हम सब मिलकर एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दे सकें।
हाँ पटना एवं आसपास के वे साथी, जो बिना अतिरिक्त ईंधन खर्च किए सहज रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुँच सकते हों, वे आकर अपना स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ दे सकते हैं। आप सभी का प्रेम, विश्वास और सहयोग सदैव मेरे लिए प्रेरणा एवं ऊर्जा का स्रोत रहेगा।'


