
रितु जायसवाल ने बढ़ाई तेजस्वी यादव की टेंशन, रामचंद्र पूर्वे की बहू राजद कैंडिडेट स्मिता की पोल-खोली?
रितु जायसवाल ने दावा किया है कि परिहार से राजद कैंडिडेट जीत भी गईं तो गलत हलफनामा का केस चलेगा और पार्टी को सीट गंवाना पड़ेगा। उन्होंन तेजस्वी यादव के नाम खुला पत्र लिखा है।
Bihar Election: राजद की बागी ऋतु जायसवाल ने पार्टी नेता लालू यादव और तेजस्वी की टेंशन बढ़ा दी है। परिहार सीट से पार्टी की उम्मीदवार स्मिता गुप्ता पर झूठा शपथ पत्र दाखिल करने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी यादव के नाम खुला पत्र लिख दिया है। जायसवाल ने स्मिता गुप्ता का शपथ पत्र भी शेयर किया है। वह परिहार से चुनाव लड़ना चाहती थी। लेकिन अंतिम समय में राजद ने टिकट पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे की बहू को दे दिया।

तेजस्वी यादव को संबोधित करते हुए रितु जायसवाल ने लिखा है कि पार्टी ने उन्हें परिहार से दूर भेजना चाहा और उन्होंने बगावत का रास्ता चुना। गलती दोनों तरफ से हुई। परंतु जिस व्यक्ति के कारण यह पूरा विवाद उत्पन्न हुआ, उसने भी एक गंभीर भूल की है। RJD उम्मीदवार ने अपने नामांकन पत्र के साथ संलग्न चारों एफिडेविट में अपनी उम्र 49 वर्ष अंकित की है, जबकि मतदाता सूची के अनुसार उनकी वास्तविक आयु 43 वर्ष है। यह स्पष्ट रूप से झूठा एफिडेविट है, जिसके कारण उनका नामांकन निरस्त हो जाना चाहिए था। ऐसे प्रत्याशी अगर जीत भी गए, तो कोर्ट में केस चलेगा, और कुछ दिनों के बाद उनको सीट गंवानी पड़ेगी।
रितु लिखती हैं कि परिहार के विकास के लिए यह आवश्यक है कि यहां के वर्तमान विधायक की हार सुनिश्चित की जाए। यहां वर्तमान विधायक और रितु जायसवाल के बीच सीधी टक्कर है और RJD उम्मीदवार की जीत की संभावना नगण्य है। उनकी मौजूदगी केवल वोटों के बिखराव का कारण बनेगी, जिससे वही लोग फिर से जीत जाएंगे जिन्होंने परिहार को पिछले 15 वर्षों से अंधेरे में रखा है।
पत्र में उन्होंने लिखा है कि यदि RJD उम्मीदवार अपना नाम वापस ले लें और उन्हें महागठबंधन समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार घोषित किया जाए, तो यह राजनैतिक रूप से समझदारी भरा निर्णय और परिहार की जनता के प्रति आपकी संवेदनशीलता का प्रमाण होगा। निर्णय आपको करना है। परिहार आपको आशा भरी नज़रों से देख रहा है। बताते चलें कि जासयवाल को बेलसंड सीट ऑफिर किया गया लेकिन उन्होंने परिहार छोड़ने से साफ मना कर दिया।





