जेल से ही चुनाव लड़ेंगे राजद के रीतलाल यादव? पटना हाईकोर्ट से जमानत पर सुनवाई टली
जेल में बंद दानापुर से विधायक एवं राजद प्रत्याशी रीतलाल यादव ने चुनाव लड़ने के लिए पटना हाई कोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई है। अदालत ने इसकी सुनवाई 30 अक्टूबर तक के लिए टाल दी है।
पटना के दानापुर से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक रीतलाल यादव को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राहत नहीं मिल पाई है। पटना हाईकोर्ट ने उनकी औपबंधिक जमानत याचिका पर सुनवाई टाल दी है। अदालत ने सरकार को इस संबंध में जवाबी हलफनामा दायर करने का आदेश दिया है। उनकी अर्जी पर सुनवाई अब दीपावली और छठ पूजा के छुट्टी के बाद 30 अक्टूबर को होगी। रीतलाल यादव फिलहाल जेल में ही रहेंगे। बता दें कि रीतलाल ने दानापुर से राजद प्रत्याशी के रूप में गुरुवार को पुलिस हिरासत में ही अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया था। इसके बाद उन्हें दोबारा भागलपुर जेल भेज दिया गया।
बिल्डर से रंगदारी मांगने और जबरन वसूली के लिए धमकी देने के आरोप में बाहुबली रीतलाल यादव जेल में बंद हैं। दानापुर से विधायक रीतलाल को राजद ने आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से टिकट दिया है। उन्होंने चुनाव में प्रचार करने के लिए 4 सप्ताह की औपबंधिक जमानत देने की गुहार हाई कोर्ट से लगाई। शुक्रवार को न्यायमूर्ति अरुण कुमार झा की एकलपीठ ने इस पर सुनवाई की और 30 अक्टूबर को अगली सुनवाई की तारीख तय की।
विधायक की ओर से वरीय अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा ने कोर्ट को बताया कि विशेष परिस्थिति होने के कारण यह अर्जी दायर की गई है। उनका कहना था कि रीतलाल यादव को दानापुर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार बनाया गया है और आगामी 6 नवंबर को मतदान है। वहीं राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता पीके शाही ने कहा कि विधायक की अर्जी सुनवाई के योग्य नहीं है। आवेदक को सक्षम न्यायालय से जमानत लेना चाहिए। यही नहीं आवेदक ने अपनी अर्जी में आपराधिक इतिहास का पूरा ब्योरा नहीं दिया है।
बता दें कि रंगदारी और धमकी के केस में रीतलाल यादव ने बीते अप्रैल महीने में स्थानीय अदालत में सरेंडर किया था। इसके बाद उन्हें पटना के बेऊर जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि, कुछ ही दिनों बाद सुरक्षा कारणों से उनका जेल बदल गया। जेल प्रशासन ने रीतलाल यादव को पटना से भागलपुर जेल में शिफ्ट कर दिया था।





