राइफल, रिवॉल्वर, करोड़ों की जमीन, आधा किलो सोना; आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता कितनी अमीर?

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

रेखा गुप्ता विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से स्नातक हैं और उनके पास बाकरगंज दलदली में कामर्शियल भवन, कंकड़बाग में आवासीय भवन के अलावा करोड़ों की लागत की गैरआवासीय भूखंड है।

समर्थकों के साथ रेखा गुप्ता

Bankipur Upchunav: बांकीपुर के रण में सियासी महाभारत चरम की ओर है। गुरुवार को पांच उम्मीदवारों ने नामांकन भरा जिनमें महागठबंधन की ओर से राजद की रेखा गुप्ता भी शामिल हैं। 46 वर्षीय रेखा गुप्ता करोड़ों की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं जिनमें जमीन, सोना शामिल हैं।। राबड़ी देवी की तरह इनकी आय का मुख्य स्रोत डेयरी और किराया है। बीजेपी के अभिषेक कुमार सिन्हा और जन सुराज के प्रशांत किशोर की मौजूदगी से मुकाबला त्रिकोणिए होने वाला है।

रेखा गुप्ता विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से स्नातक हैं और उनके पास बाकरगंज दलदली में कामर्शियल भवन, कंकड़बाग में आवासीय भवन के अलावा करोड़ों की लागत की गैरआवासीय भूखंड है। उनके नाम पर एक राइफल का जबकि पति रंजय कुमार के नाम पर एक रिवॉल्वर है। रेखा गुप्ता के पास 3.5 लाख की गाड़ी है। उनके पास 500 ग्राम सोने के गहने हैं जिसका बाजार मूल्य 67 लाख 32 हजार 500 रुपये बताया गया है। पति के पास 100 ग्राम सोने के गहने हैं। इनके पास नकदी 80 हजार रुपये जबकि बैंक में मात्र 16 हजार दो रुपये हैं। रेखा गुप्ता पर संपत्ति विवाद को लेकर एक आपराधिक मामला भी दर्ज है।

राजद की रेखा समेत पांच ने पर्चा भरा

बांकीपुर उपचुनाव के लिए गुरुवार को कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें भाजपा के अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’, राजद की रेखा कुमारी गुप्ता, रालोजपा के तनवीर आलम और दो निर्दलीय अनिल दास और महेश कुमार शामिल हैं। कुल आठ उम्मीदवार नामांकन फॉर्म भर चुके हैं। गुरुवार को नामांकन करनेवाले उम्मीदवारों में अभिषेक कुमार बंटी, अनिल कुमार, महेश कुमार पर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है। रेखा गुप्ता और तनवीर आलम पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 13 जुलाई को नामांकन की आखिरी तारीख है।

महागठबंधन ने रेखा गुप्ता को जिताने का लिया संकल्प

राजद प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन समर्थित राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में भव्य आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने की। महागठबंधन नेताओं ने कहा कि बांकीपुर की जनता वर्षों से विकास, रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, जलनिकासी, सड़क और मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा झेल रही है। अब जनता बदलाव चाहती है। इस उपचुनाव में महागठबंधन की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को अपना आशीर्वाद देकर विकास, सामाजिक न्याय और जनहित की राजनीति को मजबूत करेगी। आशीर्वाद सभा को संबोधित करने वालो में पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, पार्टी के प्रधान महासचिव रणविजय साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदयनारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, राजद दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष साधु पासवान, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजेश राठौर, कांग्रेस नेता कुमार आशीष, वीआईपी के प्रदेश अध्यक्ष बालगोविंद बिंद, सीपीआई के राज्य सचिव रामलला सिंह, सीपीआई माले के विधायक संदीप सौरभ, पूर्व विधायक गोपाल रविदास, सीपीएम के ललन चौधरी थे। राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने बताया कि महागठबंधन समर्थित राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने नामांकन किया। इधर गांधी मैदान में भी काफी संख्या समर्थक पर्चा दाखिल करने के समय पहुंचे थे।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।