सभापति-ईओ हत्याकांड: उपसभापति नीलम देवी और बेटों पर इनाम घोषित, 5 आरोपियों के खिलाफ वारंट
वरीय पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने सुल्तानगंज नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद नीलम देवी पर 25 हजार रुपये तथा उसके पुत्र मनीष कुमार और अंकित कुमार पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

बिहार के भागलपुर जिले में सुल्तानगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार साह उर्फ गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार हत्याकांड में फरार पांच आरोपियों पर इनाम घोषित करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट प्राप्त कर लिया है। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार और झारखंड के कई ठिकानों पर पुलिस की टीम ने छापेमारी की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सभी फरार आरोपियों को एक से दो दिनों के अंदर गिरफ्तार करने का भी दावा किया है। एसएसपी ने कहा कि वारंट के साथ कुर्की जब्ती करने के लिए न्यायालय से आदेश लेने का काम शुरू कर दिया गया है। इस मामले में किसी भी तरह की कोई कोताही नहीं बरतने का सख्त दिशा-निर्देश संबंधित पुलिसकर्मी को दिया गया है।
हत्याकांड का एक मुख्य आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया
नप कार्यालय में 28 अप्रैल 2026 को बदमाशों ने सभापति और कार्यपालक पदाधिकारी को गोली मार दी थी। कार्यपालक अधिकारी की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि सभापति की मौत इलाज के क्रम में पटना में हुई थी। वारदात की रात ही पुलिस ने मुख्य आरोपित व उप मुख्य पार्षद नीलम देवी के पति रामधनी यादव को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि उप मुख्य पार्षद और उसके दो बेटे फरार हो गए थे। दूसरे दिन मुख्य आरोपित रामधनी पुलिस अभिरक्षा से भागने के दौरान हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
उप मुख्य पार्षद नीलम देवी और उनके दो बेटों पर इनाम किया गया घोषित
वरीय पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने सुल्तानगंज नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद नीलम देवी पर 25 हजार रुपये तथा उसके पुत्र मनीष कुमार और अंकित कुमार पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने कहा है कि तीनों के बारे में ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित राशि दी जाएगी। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
कार्यपालक पदाधिकारी की पत्नी को नौकरी देगी सम्राटसरकार
आपको बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस जघन्य हत्याकांड के बाद हाल ही में कहा था कि सुल्तानगंज नगर परिषद् के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार की पत्नी को राज्य सरकार नियमानुसार सरकारी नौकरी देगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधीर ने बीते शुक्रवार को स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार की धर्मपत्नी शालू कुमारी एवं पीड़ित परिवार ने मुलाकात कर परिवार के भरण-पोषण तथा अन्य समस्याओं से अवगत कराया था। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया था।


