सीबीआई, दिल्ली पुलिस का दिखाया डर; डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड अफसर से 66 लाख की ठगी
बदमाशों ने पूरे परिवार के साथ गिरफ्तार करने की धमकी दी। खौफ के माहौल में सीबीआई कार्रवाई का भय दिखाकर पीड़ित से एक बॉन्ड लेटर भी लिखवाया गया। आरबीआई जांच का हवाला देते हुए ठगों ने विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए कुल 66.80 लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर करवाए।

पटना, वरीय संवाददाता। बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को साइबर अपराधियों ने दिल्ली पुलिस और सीबीआई का अधिकारी बता डिजिटल अरेस्ट किया और 66.80 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित का बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है। बेटे के पास जाने पर पीड़ित ने पटना साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पीड़ित के अनुसार, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम राजेश प्रधान बताते हुए खुद को दिल्ली पुलिस का कर्मी बताया। इसके बाद उसने पीड़ित की बात सुनील कुमार नामक व्यक्ति से कराई, जिसे पुलिस अधिकारी बताया गया। कथित अधिकारियों ने पीड़ित को डराते हुए कहा कि दिल्ली के चांदनी चौक स्थित एक बैंक खाते से 6.80 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का उनपर मामला दर्ज है, जिसकी जांच सीबीआई कर रही है। ठगों ने इस केस को दिल्ली के बाराखंभा थाने में दर्ज और विदेशी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ बताया। इससे पीड़ित काफी डर गए और ठगों के झांसे में आ गए तथा बचाव के लिए उनसे गुहार करने लगे।
पूरे परिवार की गिरफ्तारी की धमकी देकर बॉन्ड भरवाया
आरोपियों ने पीड़ित को पूरे परिवार के साथ गिरफ्तार करने की धमकी दी और मामले की जानकारी किसी को न देने व घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी। खौफ के माहौल में सीबीआई कार्रवाई का भय दिखाकर पीड़ित से एक बॉन्ड लेटर भी लिखवाया गया। इसके बाद आरबीआई जांच का हवाला देते हुए ठगों ने विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए कुल 66.80 लाख रुपये दूसरे खातों में स्थानांतरित करवाए। ठगों ने आश्वासन दिया था कि जांच पूरी होने पर रकम उनके खाते में वापस आ जाएगी। पर ऐसा नहीं हुआ। उसके बाद पीड़ित को लगा कि उनके साथ साइबर फ्रॉड कर लिया गया है। लेकिन, तबतक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने पुलिस से ठगी गई राशि की वापसी की गुहार लगाया है।
बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया पहुंचे तो शिकायत दर्ज करवाई
रकम ट्रांसफर करने के बाद पीड़ित ऑस्ट्रेलिया में रह रहे अपने बड़े बेटे के पास चले गए। वहां जब उन्होंने बेटे के साथ घटना साझा की, तब उन्हें खुद के साथ हुई बड़ी ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद बेटे ने ऑस्ट्रेलिया से ही शुरुआती शिकायत दर्ज करवाई। पटना साइबर पुलिस मामले की छानबीन कर संदिग्ध बैंक खातों और कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है। पुलिस ने पीड़ित को त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

