
बिहार चुनाव में रिटायर्ड DGP, IG हारे; VRS वाले ADG और SP जीत गए, बाकी अफसरों का हाल?
संक्षेप: Bihar Chunav Result: पूर्व आईपीएस अधिकारियों में भोरे विधानसभा से सुनील कुमार को एक बार फिर सफलता मिली है। असम-मेघालय कैडर के पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा बिहार विधानसभा पहुंचने वाले दूसरे आईपीएस अधिकारी हैं।
Bihar Chunav Result: 18वीं बिहार विधानसभा में राजनीति के पारंपरिक चेहरों से इतर कई प्रोफेशनल्स ने भी कदम रखा है। इनमें दो पूर्व आईपीएस, एक पूर्व आईआरएस, एक पूर्व बीडीओ, दो डॉक्टर सहित कई अधिवक्ता, कलाकार, इंजीनियर व खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि अपने क्षेत्र में सफल रहे दर्जनों प्रोफेशनल्स राजनीति के इस बड़े मैदान में फेल भी हुए। उनकी बिहार विधानसभा तक पहुंचने की इच्छा अधूरी रह गयी।

पूर्व आईपीएस अधिकारियों में भोरे विधानसभा से सुनील कुमार को एक बार फिर सफलता मिली है। बिहार पुलिस में डीजी पद से वीआरएस लेकर राजनीति में उतरे सुनील कुमार वर्तमान बिहार सरकार में जदयू कोटे से मंत्री भी हैं। असम-मेघालय कैडर के पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा बिहार विधानसभा पहुंचने वाले दूसरे आईपीएस अधिकारी हैं। लोकसभा में निर्दलीय के रूप में मिली हार के बाद भाजपा के टिकट पर बक्सर से विधानसभा चुनाव लड़ कर आनंद मिश्र पहली बार विधायक बने हैं। भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे सुजीत कुमार दरभंगा के गौरा बौराम क्षेत्र से भाजपा के विधायक बने हैं। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की नौकरी छोड़ कर राजद से महिषी के मैदान में उतरे गौतम कृष्णा को भी सफलता मिली है।
पूर्व डीजीपी बीके रवि, एडीजी जेपी सिंह, आईजी शिवदीप लांडे हारे
हालांकि, कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को असफलता भी मिली है। कर्नाटक के पूर्व डीजीपी रहे ब्रजकिशोर रवि कांग्रेस के टिकट पर रोसड़ा से हारे। वे 72,240 पाकर दूसरे स्थान पर रहे और उनको करीब 50 हजार वोटों के अंतर से हार मिली। बिहार पुलिस में आईजी रहे शिवदीप लांडे वीआरएस लेकर दो जगह से निर्दलीय किस्मत आजमा रहे थे। इनमें जमालपुर में 15655 वोट पाकर तीसरे स्थान पर, जबकि अररिया में 4085 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। बिहार सरकार के पूर्व आईएएस और कई जिलों में डीएम रहे ललन जी भी जमालपुर से जनसुराज के टिकट पर किस्मत आजमा रहे थे। उनको 3863 वोट मिले और वे पांचवें स्थान पर रहे। पूर्व आईपीएस अधिकारियों में दरभंगा से जनसुराज के टिकट पर लड़ रहे आरके मिश्रा 11758 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। जनसुराज के ही टिकट पर छपरा से लड़ रहे हिमाचल कैडर के पूर्व आईपीएस जयप्रकाश सिंह 3433 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। नोखा से लड़ रहे रिटायर्ड डीएसपी नसरूल्ला खां को 4831 वोट मिला।





