500 करोड़ के घोटाले में जेल जाओगे? इंजीनियर को डिजिटल अरेस्ट कर 33 लाख ठगे

हिन्दुस्तान, वरीय संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

पटना के रहने वाले एक रिटायर्ड इंजीनियर को साइबर ठगों ने 500 करोड़ रुपये के घोटाले में नाम जोड़कर 3 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। फिर खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर 33 लाख रुपये की ठगी कर ली।

Bihar retired engineer digital arrest fraud
रिटायर्ड इंजीनियर को 3 दिन डिजिटल अरेस्ट रख 33 लाख रुपये की ठगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिहार के पथ निर्माण विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी का मामला सामने आया है। पटना के पीरबहोर क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त सहायक अभियंता को साइबर अपराधियों ने पुलिस और सीबीआई अधिकारी बन 3 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। फिर उससे 33.83 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने 500 करोड़ रुपये के घोटाले में उनका नाम जोड़कर झांसे में लिया।

साइबर अपराधियों ने पहले मुंबई में इंजीनियर के नाम से फर्जी सिम कार्ड जारी होने की बात कही। फिर इसे मनी लॉन्ड्रिंग का मामला बताते हुए निगरानी करने के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर लिया। जांच के नाम पर खातों में रुपये ट्रांसफर कराए। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर थाना और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

पूरी घटना 27 सितंबर की सुबह 11:30 बजे शुरू हुई। पीड़ित के व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर (9282926698) से कॉल आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि मुंबई के तिलक नगर स्थित एयरटेल स्टोर से 17 अगस्त को पीड़ित के नाम पर एक फर्जी सिम कार्ड (7738941397) जारी हुआ है।

जब रिटायर्ड इंजीनियर ने इस बात से इनकार किया, तो ठगों ने उन्हें पुलिस में एफआईआर कराने का डर दिखा दूसरे नंबर (9678194003) पर कॉल करने को कहा। कॉल करने पर खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का सिपाही बताने वाले ‘प्रदीप सावंत’ नाम के व्यक्ति ने बात की।

500 करोड़ के घोटाले और नरेश गोयल से जोड़ा कनेक्शन

थोड़ी देर बाद राकेश कुमार नाम के एक अन्य व्यक्ति का उन्हें फोन आया। उसने खुद को सीबीआई का वरिष्ठ अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि 500 करोड़ लेकर फरार हुआ नरेश गोयल पुलिस की गिरफ्त में है। उसके पास से 247 एटीएम कार्ड मिले हैं, जिनमें एक पीड़ित के नाम का भी है। गोयल के पास पीड़ित का आधार कार्ड भी मिला है। गोयल ने कबूल किया है उसने 20 लाख रुपये का 10 प्रतिशत हिस्सा उन्हें दिया है। उनके नाम पर करीब 40 बार रुपये का लेन-देन भी हुआ है।

आरटीजीएस से दो किस्तों में ट्रांसफर कराए रुपये

जांच और सत्यापन के नाम पर ठगों ने पूरी राशि अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली। पहला ट्रांजेक्शन इंडियन बैंक के खाते से आरटीजीएस से हाइलेक्सी फाउंडेशन के खाते में 22,86,477 रुपये भेजे गए। दूसरा एसबीआई खाते से 10,96,747.20 दूसरे खाते में भेजे। ठगों ने तीन दिनों के भीतर जांच के बाद रकम लौटाने का आश्वासन दिया था। पैसे वापस नहीं आए और संपर्क टूट गया, तब ठगी का अहसास हुआ।

रात भर जगाया, मोबाइल चार्ज में रखने को कहा

पीड़ित ने शुरुआत में बैंक खातों की जानकारी नहीं दी। इस पर शातिरों ने विश्वास जीतने के लिए पुलिस वर्दी में अपनी तस्वीर, पहचान पत्र और सुप्रीम कोर्ट का फर्जी पत्र भेजा। इसके बाद ठगों ने पीड़ित को अपने नियंत्रण में ले लिया। उन्हें लगातार तीन दिनों तक फोन पर रखा गया, रात-रात भर जगाकर रखा। मोबाइल को हर वक्त चार्जिंग पर लगाए रखने की हिदायत भी दी गई।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar News500 करोड़ के घोटाले में जेल जाओगे? इंजीनियर को डिजिटल अरेस्ट कर 33 लाख ठगे