मोकामा और बाढ़ के चुनाव परिणाम आएंगे पहले, दीघा अंत में; DM ने मतगणना की तैयारियों को परखा
मोकामा में 342, बाढ़ में 349, फतुहा में 350 और बख्तियारपुर में 351 बूथ बनाए गए थे। इन सभी क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती 24 राउंड में होगी। 25वें राउंड की गिनती के साथ ही विजेता उम्मीदवार के नाम की घेाषणा कर दी जाएगी।
पटना जिले के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के लिए सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे कम राउंड की गिनती मोकामा, बाढ़, फतुहा और बख्तियारपुर विधानसभा के लिए, जबकि सबसे ज्यादा राउंड की गिनती दीघा के लिए होगी। इस कारण कम राउंड वाले मोकामा, बाढ़, फतुहा व बख्तियापुर में परिणाम सबसे पहले आने की उम्मीद है। यहां आपको बता दें कि इस चुनाव में मोकामा विधानसभा सीट हर बार की तरह हॉट सीट बना हुआ है।
इस सीट से जदयू (जनता दल यूनाइटेड) के प्रत्याशी अनंत सिंह हैं। वहीं उनका मुकाबला राजद की प्रत्याशी और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी से है। बिहार चुनाव के बीच मोकामा में जनसुराज के एक समर्थक दुलारचंद यादव का कत्ल भी हो चुका है। इस केस में अनंत सिंह जेल भी जा चुके हैं। ऐसे में इस सीट पर जीत-हार को लेकर सबकी नजर लगी हुई हैं।
इधर पटना जिला चुनाव कार्यालय से जुड़े एक वरीय पदाधिकारी ने बताया कि वोटों की गिनती के लिए विधानसभावार कुल 14 टेबल बनाए गए हैं। जिस विधानसभा में जितने ज्यादा मतदान केंद्र होंगे, वहां की गिनती राउंड भी ज्यादा होगी। पटना जिले में कुल 5677 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
पदाधिकारी ने बताया कि मोकामा में 342, बाढ़ में 349, फतुहा में 350 और बख्तियारपुर में 351 बूथ बनाए गए थे। इन सभी क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती 24 राउंड में होगी। 25वें राउंड की गिनती के साथ ही विजेता उम्मीदवार के नाम की घेाषणा कर दी जाएगी। वहीं पटना के दीघा में सबसे अधिक 503 बूथ बनाए गए थे। वहां पर वोटों की गिनती सबसे ज्यादा 36 राउंड में होगी।
उसके बाद फुलवारीशरीफ में 461 बूथ बने थे। वहां 32 राउंड में वोटों की गिनती होगी। सबसे अंत में दीघा और उसके बाद फुलवारी शरीफ का परिणाम जारी होगा। मसौढ़ी में 443 बूथ के लिए 32 राउंड, बांकीपुर में 422 बूथ के लिए 31 राउंड और दानापुर में 409 के लिए 30 राउंड में वोटों की गिनती होगी।
मतगणना के लिए डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने मतगणना कार्य से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतगणना स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती, साफ-सफाई, सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को समय पूर्व तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पटना में स्वच्छ, पारदर्शी और सुव्यवस्थित वोटों की गिनती पूरी की जाएगी।





