पटना में बनेगा रिसर्च पार्क, एआई समिट के दूसरे दिन बिहार को 486 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

Feb 17, 2026 05:06 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

दिल्ली में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट 2026 में बिहार को दूसरे दिन 486 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इसमें सबसे बड़ी घोषमा पटना में रिसर्च पार्क की स्थापना है। इसे 250 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जाएगा।

पटना में बनेगा रिसर्च पार्क, एआई समिट के दूसरे दिन बिहार को 486 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

नई दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट एवं एक्सपो 2026 में बिहार को दनादन निवेश प्रस्ताव मिलना शुरू हो गए हैं। मंगलवार को इस समिट के दूसरे दिन बिहार सरकार ने तकनीक के क्षेत्र में 486 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू (समझौता पत्र) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत बिहार की राजधानी पटना में 250 करोड़ रुपये की लागत से एक रिसर्च पार्क की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, 60 करोड़ रुपये की लागत से बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि इस पहल से एआई के सेक्टर में 10 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही 50 हजार से ज्यादा युवाओं को एआई आधारित स्किल डेवलेपमेंट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित पांच दिवसीय एआई समिट में देश और दुनिया भर की दिग्गज टेक कंपनियों और राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। बिहार सरकार ने भी भारत मंडपम में राज्य का पवेलियन लगाया है।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को इस समिट में बिहार के पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा बिहार की आईटी मंत्री श्रेयसी सिंह, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल और जेडीयू के राज्यसभा सांसद संजय भी मौजूद रहे।

टेक हब बनेगा बिहार

डिप्टी सीएम सम्राट ने इस मौके पर कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में वैश्विक एजेंडा सेट कर रहा है। उसी तरह बिहार भी पूर्वोत्तर भारत का टेक्नोलॉजी हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

एआई समिट से बिहार को बड़े निवेश की उम्मीद

एआई इंपैक्ट समिट 2026 से बिहार को तकनीक के क्षेत्र में बड़े निवेश की उम्मीद है। बिहार सरकार दुनिया भर की कंपनियों से एमओयू करने में जुटी है। बिहार के इनोवेटर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों से रूबरू हो रहे हैं।

बिहार का राज्य निर्वाचन आयोग भी इस समिट में चुनावी प्रक्रिया में एआई आधारित नवाचारों का प्रदर्शन कर रहा है। इसमें एआई आधारित मतदान की प्रक्रिया और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित वोटिंग की सुविधा को दिखाया जा रहा है।

नई दिल्ली में सोमवार को शुरू हुई एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन 20 फरवरी तक होगा। इसमें दुनिया भर की एआई कंपनियों के अधिकारी और कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी शाम को इसका भारत मंडपम में उद्घाटन किया था।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।