
सड़क पर गड्ढा बताओ, 5000 रुपये पाओ; नई पॉलिसी ला रही बिहार सरकार, कब लागू होगी?
बिहार सरकार सड़कों के रखरखाव की नई नीति लाने जा रही है। इसके तहत सड़कों से गड्ढे खत्म कर दिए जाएंगे। मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि नई पॉलिसी लागू होने के बाद ‘गड्ढा दिखाओ, 5000 रुपये पाओ’ की स्कीम भी लागू होगी।
बिहार में नीतीश सरकार अब सड़कों के रखरखाव की नई पॉलिसी लाने जा रही है। इसके तहत राज्य की सड़कों से गड्ढे हटाए जाएंगे। साथ ही 'सड़क पर गड्ढा बताओ, 5000 रुपये पाओ' की स्कीम भी लागू होगी। राज्यभर में रोड एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इनका नंबर सभी चौक-चौराहों पर होगा। नंबर पर कॉल करने के 72 घंटों में गड्ढा ठीक कर दिया जाएगा। बिहार के पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि बिहार की सडकों में गड्ढा होने की शिकायतें मिल रही हैं। इसी महीने में रोड मेंटेनेंस की नई पॉलिसी आ रही है, जो 15 फरवरी के बाद लागू की जाएगी। इसके बाद कहीं पर सड़क पर गड्ढा नहीं बचेगा।
दिलीप जायसवाल ने दावा किया कि देश में यह पहली पॉलिसी होगी, जिसके अंतर्गत गड्ढा बताओ और 5000 रुपये पाओ का नियम लागू होगा। इससे ठेकेदार के मन में डर रहेगा और विभाग के इंजीनियर सतर्क रहेंगे कि एक भी गड्डा रहेगा तो बड़ी कार्रवाई होगी।
मंत्री ने कहा कि हाल में ही शिवहर के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सहित दो अन्य को सस्पेंड किया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह भूमि राजस्व मंत्री थे, तब 136 पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी।आने वाले दिनों में मजदूरों को कैसे रोजगार मिले इस पर विचार किया जा रहा है। जायसवाल ने यह भी कहा कि आने वाले समय में राज्य में 5 नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे।





