कटिहार में ‘खूनी गीदड़’ का आतंक, महिला को नोच-नोचकर मार डाला; पति लापता
कटिहार के आजमनगर में घास काटने गए बुजुर्ग दंपती पर खूँखार गीदड़ ने हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय रमनी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति धन्ना सिंह रहस्यमय तरीके से लापता हैं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है और ग्रामीण लापता बुजुर्ग की तलाश कर रहे हैं।

Bihar News: बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के आलमुपर पंचायत स्थित नलकोपा गाँव में एक खूँखार गीदड़ ने बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इस हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पति के अचानक गायब होने से गाँव में गीदड़ का खौफ और भी बढ़ गया है।
खेत में घास काटने गए थे दोनों
मिली जानकारी के अनुसार, नलकोपा गाँव के रहने वाले धन्ना सिंह (65 वर्ष) और उनकी पत्नी रमनी देवी (60 वर्ष) बुधवार की देर शाम महानंदा दियरा इलाके में घास काटने गए थे। इसी दौरान एक गीदड़ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमला इतना तेज था कि बुजुर्ग दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आस-पास के लोगों ने जब शोर सुना तो वे मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों की मदद से घायल रमनी देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, लेकिन गहरे जख्मों के कारण इलाज के दौरान रमनी देवी की मौत हो गई।
पति की तलाश जारी
इस घटना के बाद से ही धन्ना सिंह लापता हैं। ग्रामीणों को अंदेशा है कि गीदड़ ने बुजुर्ग को काटकर कहीं गायब कर दिया है या वे हमले के डर से कहीं दूर निकल गए हैं। गाँव वाले लाठी-डंडे लेकर इलाके में उनकी खोजबीन कर रहे हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। स्थानीय पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है और जांच जारी है।


