मुजफ्फरपुर के 5 प्रखंडों से गुजरेगा रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे, नेपाल और बंगाल की दूरी घटेगी

Dec 16, 2025 02:26 pm ISTJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

बिहार के रक्सौल से शुरू होकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक बनने वाला सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे मुजफ्फरपुर के 5 प्रखंडों से होकर गुजरेगा। जिले में इसकी लंबाई 50 किलोमीटर होगी। मुजफ्फरपुर से नेपाल और बंगाल की दूरी और घट जाएगी।

मुजफ्फरपुर के 5 प्रखंडों से गुजरेगा रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे, नेपाल और बंगाल की दूरी घटेगी

रक्सौल-हल्दिया सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे की तस्वीर अब साफ हो रही है। यह एक्सप्रेस-वे बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के 38 गांवों से गुजरेगा, जिसकी लंबाई 50 किलोमीटर होगी। इस एक्सप्रेस-वे का महत्व इसी से समझा जा सकता है कि नेपाल एवं बंगाल से मुजफ्फरपुर की दूरी घटेगी और बंगाल का सफर 15 घंटे से घटकर करीब आठ घंटे ही रह जाएगा।

रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना मुजफ्फरपुर के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आई है, जो जिले को पहला सिक्स लेन हाइवे देगी। जिले में इसके निर्माण के लिए जमीन अधग्रिहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एक्सप्रेस-वे जिले के पांच प्रखंड के 38 गांव से गुजरेगी। इसमें मीनापुर के 5, औराई के 3, बोचहां के 13 और गायघाट व बंदरा के 17 गांव आते हैं।

एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए अब जमीन अधग्रिहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह एक्सप्रेस-वे न केवल जिले को हल्दिया पोर्ट तक तेज कनेक्टिविटी देगी, बल्कि यह नेपाल सीमा तक आवागमन को भी सुगम बनाएगा। 50 किलोमीटर तक सिक्स लेन हाइवे बनने से जिले वासियों को भी काफी सहूलियत होगी। एनएचएआई ने इस ग्रीनफिल्ड एक्सप्रेस-वे का एलाइनमेंट तय करते हुए भू अर्जन कार्यालय को जानकारी दी है। उसने भू अर्जन कार्यालय से इन 38 गांवों में जमीन अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव भी मांगा है।

मुजफ्फरपुर से नेपाल और बंगाल आएंगे और करीब :

इस एक्सप्रेस-वे के बनने से रक्सौल से हल्दिया पोर्ट तक की यात्रा का समय वर्तमान के लगभग 15 घंटे से घटकर लगभग आठ से 10 घंटे हो जाएगा, जिससे व्यापार और आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। साथ ही मुजफ्फरपुर की कनेक्टिविटी नेपाल बॉर्डर (रक्सौल) और प्रमुख बंदरगाह हल्दिया (पश्चिम बंगाल) से सीधे तौर पर हो जाएगी।

इस एक्सेस कंट्रोल्ड (पहुंच-नियंत्रित) एक्सप्रेस-वे के चालू होने के बाद मुजफ्फरपुर से पश्चिम बंगाल की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इस पर वाहनों की औसत गति 100-120 किमी प्रति घंटे तक रखी जा सकेगी। एक्सप्रेस-वे रक्सौल से पूर्वी चंपारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर के बंदरा से समस्तीपुर जिले में प्रवेश करेगा। फिर बेगूसराय, लखीसराय, जमुई और बांका से गुजरते हुए हल्दिया तक जाएगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें