खान सर से विवाद के बीच जदयू नेता संजय झा से मिले रौशन आनंद सर, जांच का मिला भरोसा

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Raushan Anand Meet Sanjay Jha: रौशन आनंद सर और संजय झा के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई है। ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के निदेशक ने कहा है कि संजय झा ने उन्हें पूरे मामले में जांच करा कर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया है। 

Raushan anand meet sanjay jha

Raushan Anand Meet Sanjay Jha: खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के मालिक रौशन आनंद सर के बीच अभी विवाद खत्म नहीं हुआ है। इधर रौशन आनंद सर ने अब जनता दल (यूनाइटेड) के नेता संजय झा से मुलाकात की है। संजय झा से मुलाकात की एक तस्वीर भी सामने आई है। इस तस्वीर में रौशन आनंद सर और उनके सहयोगी संजय झा के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस मुलाकात को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रह है कि यह मुलाकात करीब 15-20 मिनट तक चली है। संजय झा से मुलाकात के बाद रौशन आनंद ने मीडिया को यह भी बताया है कि JDU नेता ने उनसे क्या कहा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संजय झा से मिलने के बाद रौशन आनंद सर ने कहा कि यह मुलाकात सकारात्मक रही है। संजय झा ने इसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की बजाए न्याय और कानून व्यवस्था के नजरिए से देखा है। रौशन आनंद सर ने कहा कि संजय झा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बिहार सरकार पूरे मामले की जांच कराएगी। इस जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के मुताबिक, कार्रवाई भी होगी।

सरकार सबका हिसाब करेगी- संजय झा

बता दें कि संजय झा पहले भी इस मुद्दे को लेकर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। हाल ही में इस पूरे प्रकरण को लेकर मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर संजय झा ने तल्ख लहजे में कहा था कि अगर किसी भी कोचिंग संस्थान को लगता है कि वो सबसे ऊपर है और कानून से ऊपर है तो सरकार सबका हिसाब करेगी। संजय झा ने कहा था कि यदि टीचर ही आपस में बमबारी करेंगे तो क्या सीखाएंगे छात्रों को? अभिभावक बड़ी मुश्किल से अपने बच्चों को कोचिंग संस्थानों में पढ़ने के लिए भेजते हैं। यह सबकुछ सरकार की नजर में है। चाहे कोई भी कोचिंग संस्था हो और उसके लगे कि हम ताकतवर हैं तो सरकार कानून व्यवस्था स्थापित करना जानती है। यहां कानून का राज है और कानून का ही राज चलेगा। कोई भी सोच ले कि हम कानून से ऊपर हैं तो सरकार सबका हिसाब करेगी। प्रिंस यादव की मौत पर संजय झाा ने कहा था कि यह घटना बिहार के बाहर हुई है फिर भी सरकार इसे देखेगी। सभी चाहते हैं कि इस मामले का सच उजागर हो ताकि न्याय हो सके।

पटना के थाने में रौशन आनंद सर का धरना

इधर फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की साजिश रचने की एफआईआर दर्ज कराने बुधवार को ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद पांच घंटे तक कदमकुआं थाने में डटे रहे। शाम पांच बजे थाने पहुंचे रौशन आनंद को रात करीब 10 बजे समझा-बुझाकर पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घर भेजा। दरअसल, बुधवार की शाम रौशन आनंद खान सर पर भाई प्रिंस यादव की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराने कदमकुआं थाने पहुंचे थे। चूंकि प्रिंस यादव की मौत नेपाल में हुई है, इसलिए पुलिस ने घटना स्थल के दूसरे देश में होने का हवाला देते हुए केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर रौशन आनंद थाने के बाहर ही धरने पर बैठने की घोषणा कर दी। वहीं, समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रात करीब 10 बजे वरीय अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेज दिया।

बीते दिनों मुसल्लहपुर इलाके में खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव को भी इस मामले में आरोपित बनाया गया था। रौशन आनंद के जेल में रहने के दौरान नेपाल में संदिग्ध परिस्थिति में प्रिंस यादव की मौत हो गई थी। जिसके बाद रौशन आनंद ने खान सर पर प्रिंस यादव की सुनियोजित तरीक से हत्या करवाने का आरोप लगाया था। रौशन आनंद अपने वकील के साथ खान सर के खिलाफ भाई की हत्या का एफआईआर दर्ज करवाने कदमकुआं थाना पहुंचे थे। वे करीब दो सौ समर्थकों के साथ पांच घंटे तक थाने में खड़ा रहे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsखान सर से विवाद के बीच संजय झा से मिले रौशन आनंद सर, जांच का मिला भरोसा