खान सर के खिलाफ एफआईआर नहीं हुई तो भड़के रौशन आनंद, 5 घंटे तक थाने में डटे रहे
रौशन आनंद सर ने आरोप लगाया कि फैजल खान उर्फ खान सर ने ही उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या करवाई। इस मामले में जब वह पटना के कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज करवाने पहुंचे, तो पुलिस ने केस नहीं किया।

पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या का आरोप फैजल खान उर्फ खान सर पर लगाया है। रौशन सर बुधवार शाम को पटना के कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को आवेदन दे दिया। जब एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो वे भड़क गए और थाने में ही धरना देने का ऐलान कर दिया। कदमकुआं थाने के बाहर माहौल गर्माया हुआ रहा। बड़ी संख्या में रौशन सर के समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। लगभग पांच घंटे बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने पर रात करीब 10 बजे वे लौट गए।
मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि फैजल खान ने उनके भाई की हत्या करवाई है। उन्होंने कहा, "हम एफआईआर दर्ज करवाने आए तो पुलिस ने नहीं की। हम 5 घंटे से कदमकुआं थाने में बैठे हैं। किसके दबाव में एफआईआर दर्ज नहीं की गई, यह थानेदार बताएंगे। एफआईआर नहीं हुई तो भाई को न्याय नहीं मिलेगा।"
रौशन सर ने आवेदन में क्या लिखा?
खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कदमकुआं थाने में दिए गए आवेदन में रौशन आनंद ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने खान सर के कोचिंग सेंटर के मैनेजर कन्हैया कुमार और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक रामाशंकर प्रसाद पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया।
रौशन सर ने कहा कि 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए बवाल में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था और उनके भाई प्रिंस यादव को भी आरोपी बनाया था। जबकि घटना के वक्त ना तो वह खुद और ना ही उनके भाई वहां पर मौजूद थे।
उन्होंने आगे कहा, “गिरफ्तारी के डर से मेरा भाई नेपाल चला गया था। मुझे जेल भेज दिया गया था। इस बीच 13 जून को मुजे जेल में मारने की कोशिश की गई। उसी दिन नेपाल के एक होटल में मेरे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।”
रौशन सर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि फैजल खान ने ही आपराधिक षडयंत्र रचकर नेपाल में प्रिंस की हत्या करवाई। उन्होंने कदमकुआं थाना पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कथित आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
खान सर और रौशन सर के बीच विवाद
बता दें कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती रिजल्ट के क्रेडिट को लेकर खान सर और रौशन सर के कोचिंग संस्थान के बीच विवाद हुआ था। 2 जून की रात को खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ की गई और गार्ड की पिटाई कर दी गई। पुलिस ने रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
इस घटना एक वीडियो सामने आया था जिसमें खान सर के दो गार्ड गोली चलाते हुए नजर आए। कदमकुआं थाना पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खान सर पर भी एफआईआर हुई, लेकिन अदालत से उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लग गई।
प्रिंस यादव की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
इन सभी घटनाक्रम के बीच बीते शनिवार की रात को रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की पटना के विराटनगर स्थित एक होटल में मौत हो गई। नेपाल की मौरंग पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है लेकिन स्थानीय पुलिस अभी कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है। हत्या या आपराधिक साजिश की पुष्टि नहीं हुई है और मौत का कारण भी स्पष्ट नहीं किया गया है। पुलिस विशेषज्ञों की राय ले रही है। साथ ही विसरा जांच भी कराई जा रही है।
होटल में प्रिंस के साथ सहरसा के रहने 4 दोस्त भी मौजूद थे। नेपाल पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। उनसे भी पूछताछ की गई है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है। मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(पटना से हिन्दु्स्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)


