
लॉकअप में बंद रेप आरोपी की मौत के बाद मोतिहारी में बवाल, भीड़ का थाने पर पथराव
मोतिहारी के कल्याणपुर थाने के लॉकअप में बंद रेप आरोपी की मौत होने के बाद गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया। परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। एसएसपी का कहना है कि आरोपी ने आत्महत्या की है।
बिहार के मोतिहारी में दुष्कर्म के आरोपी की कल्याणपुर थाने के लॉकअप (हाजत) में मौत के बाद भारी बवाल हो गया। गुस्साई भीड़ ने थाने पर पथराव कर दिया, इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें काबू में किया। मृतक की पहचान मदन सिरिसिया पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी गफ्फार मियां (55 ) के रूप में हुई है। उसे एक विक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तनाव की आशंका पर आसपास के कई थानों की पुलिस को बुला लिया गया। चकिया के एसडीओ और डीएसपी भी थाना पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गए। पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि आरोपी गफ्फार ने लुंगी से आत्महत्या की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच का आदेश दिया गया है। दंडाधिकारी एवं एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची है।
बीते बुधवार को दोपहर कल्याणपुर थाने को सूचना मिली थी कि गफ्फार मियां एक विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी गफ्फार तथा विक्षिप्त महिला दोनों को थाने ले आई। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को हाजत में बंद कर दिया था।
शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे गफ्फार को शौच के लिए हाजत से बाहर निकाला गया, इसके बाद उसे फिर से लॉकअप में बंद कर दिया गया। सुबह करीब 7 बजे जब उसके परिजन खाना लेकर थाने पहुंचे और पुलिस भोजन देने के लिए हाजत की ओर गई। तभी देखा गया कि गफ्फार ने आत्महत्या कर ली है।
आरोप है कि घटना के बाद लगभग एक घंटे तक पुलिस ने गफ्फार के परिजन को इसकी जानकारी नहीं दी। जैसे ही धीरे-धीरे लोगों को इसकी भनक लगी। थाने के बाहर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा होने लगी। बढ़ती भीड़ और तनाव को देखते हुए केसरिया, मेहसी, चकिया, पिपरा, बीजधारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई।
गफ्फार मियां का मोतिहारी सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम नहीं हुआ। सदर अस्पताल में शव पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया। मेडिकल बोर्ड के चिकित्सकों के परामर्श पर डीएस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर भेज दिया।
आक्रोशितों ने थाने पर किया पथराव
घटना की जानकारी मिलने पर चकिया के एसडीओ और डीएसपी भी मौके पर पहुंचकर परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति नियंत्रित करने में जुट गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशितों ने थाना पर भी पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।
इधर, घटना के बाद से कल्याणपुर थाना क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना की मजिस्ट्रेट एवं फोरेंसिक टीम से जांच के आदेश दिए गए हैं।





