
रकम नहीं दी, तो अंजाम खतरनाक होगा; गया में डॉक्टर से एक करोड़ की रंगदारी मांगी
गया जी में डॉ सतेंद्र कुमार से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। फोन पर लगातार धमकी भरी कॉल आ रही हैं। जिसके बाद से डॉक्टर और उनका परिवार दहशत में है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गया जी जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी न्यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ सतेंद्र कुमार से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से डॉक्टर और उनका परिवार दहशत और भय के साये में है। पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि 27 दिसंबर को उनके मोबाइल पर लगातार एक अज्ञात नंबर से कॉल आ रहा था। जब उन्होंने वापस कॉल किया तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने सीधे तौर पर एक करोड़ रुपये रंगदारी देने की मांग की और कहा कि यदि पैसा नहीं दिया गया तो अंजाम बेहद खतरनाक होगा।
अपराधी की धमकी इतनी गंभीर थी कि डॉक्टर तुरंत सहम गए। उसी नबंर से फिर 30 दिसंबर को कॉल कर रुपए की मांग की। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर डॉ. सतेंद्र कुमार ने मगध मेडिकल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। कॉल डिटेल्स के अनुसार पहली बार 27 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से कॉल किया गया था, जबकि 30 दिसंबर को महाराष्ट्र से कॉल आने की पुष्टि हुई है। इससे यह आशंका गहराती जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित आपराधिक गिरोह सक्रिय है।
डॉ. सतेंद्र कुमार गयाजी शहर के मगध कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। इस घटना के बाद से परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ अन्य बिंदुओं पर भी काम कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।





